कैबिनेट विस्तार होगा, सबको प्रतिनिधित्व मिलेगा; मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले, नगर निगम चुनावों पर भी काम कर रही कांग्रेस
अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को सेरा विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां मीडिया कर्मियों से भी अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर नगर निगम चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। यही नहीं, सीएम ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर भी पलटवार किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रिमंडल के विस्तार के सवाल पर कहा कि जब मंत्रिमंडल विस्तार होगा, तो सबको प्रतिनिधित्व मिलेगा। हमीरपुर जिला को प्रतिनिधित्व देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रतिनिधित्व सभी को मिलेगा।
नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह चुनावों को लेकर कार्य कर रही हैं और वह इस सिलसिले में सुबह-शाम अपडेट ले रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के प्रदेश सरकार पर फिजूलखर्ची करने के आरोपों पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता बजट को देखकर बौखला गए हैं। 75 साल के इतिहास में ऐसा पहली दफा हुआ है कि योजनाओं को बजट प्रावधान के साथ लागू करने की दिशा में कार्य किया गया है। पूर्व सरकार में चार साल तक शराब ठेके नीलाम नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही इस कार्य को किया। प्रदेश सरकार संसाधनों को बढ़ाकर प्रदेश की आय को बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। सीएम ने कहा कि आधारहीन बयान देकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भ्रामक प्रचार करना चाह रहे हैं।
मौज-मस्ती कौन कर रहा, जनता को सब पता
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कांग्रेस नेताओं के सत्ता में आते ही मौज-मस्ती करने के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश को कर्ज से उभारने के लिए कांग्रेस सरकार कार्य कर रही हैं। प्रदेश को आर्थिक बदहाली से बचाने का कार्य किया जा रहा है पूर्व की जयराम सरकार प्रदेश पर 75000 करोड़ का कर्ज छोड़ गई है। रात 12 बजे तक इसके लिए कार्य कर रहे हैं, ताकि प्रदेश को कर्ज से उभारा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है कि मौज मस्ती कौन कर रहा है।