भारत में सेल्फी लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड:मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में 10 लाख लोगों ने सेल्फी ली, चीन का 7 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

केंद्र सरकार की पहल ‘मेरी माटी मेरा देश’ से जुड़े एक कार्यक्रम में वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इस कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सेल्फी अपलोड करने का रिकॉर्ड बनाया। ये रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया।
दरअसल, बुधवार को पुणे की सवित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी (SPPU) में ये रिकॉर्ड बनाया गया। यूनिवर्सिटी में मिट्टी के साथ 10 लाख 42 हजार 538 सेल्फी लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। इससे पहले सबसे ज्यादा सेल्फी लेने का रिकॉर्ड चीन के नाम था। 2016 में चीन में लगभग एक लाख सेल्फी के साथ ये रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।
25 लाख सेल्फी में से 10 लाख 42 हजार को ही चुना
महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे और डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने भी बुधवार को पुणे यूनिवर्सिटी में मेरी माटी मेरा देश से जुड़े कार्यक्रम में भाग लिया। यहां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से शिंदे और फडणवीस को रिकॉर्ड सर्टिफिकेट दिया गया।
CM शिंदे ने बताया कि हमारे पास 25 लाख सेल्फी थीं, लेकिन 10 लाख 42 हजार सेल्फी को ही इस रिकॉर्ड में शामिल किया गया। हमने चीन को हराकर 7 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। हमें अभी और भी रिकॉर्ड तोड़ने हैं। वहीं CM और डिप्टी CM ने इस मौके पर देशवासियों को बधाई दी।
इस अभियान ने जन आंदोलन का रूप लिया: संस्कृति मंत्रालय
संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक, इस अभियान ने एक जन आंदोलन का रूप ले लिया है, जिसमें अब तक दो लाख से ज्यादा प्रोग्राम हो चुके है। वहीं, इस अभियान से जुड़ी 4 करोड़ से ज्यादा सेल्फी भी इसकी वेबसाइट पर अपलोड हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान ग्राम पंचायत और ग्राम सभाओं के स्तर पर अब तक 2.33 लाख से ज्यादा शिलालेख की स्थापना की गई है। उनमें आजादी के वीर शहीदों को याद किया गया है। ज्यादातर शिलालेख अमृत सरोवरों के पास स्थापित किए गए है।
इस अभियान के तहत देशभर में 2.63 लाख से ज्यादा अमृत वाटिकाओं का भी निर्माण किया गया है, जिसमें करीब 24 लाख पौधे लगाए गए हैं।
मेरी माटी मेरा देश अभियान क्या है?
मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत अमृत कलशों के जरिए गांव -गांव से मिट्टी को दिल्ली लाया गया है। उसे एक बड़े कलश (भारत कलश) में डालकर मिलाया गया है। इस अभियान का मकसद देश की एकता को दिखाना और देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेना के जांबाजों को श्रद्धांजलि देना है।