Friday, June 26, 2026
spot_img

Latest Posts

पत्नी पर जान से मरवाने, 50 हजार की मांग और बच्चों के अपहरण की धमकी का आरोप, पीड़ित पति ने थाने में लगाई गुहार

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से पति-पत्नी के विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी, ससुर और अन्य लोगों पर जान से मारने की धमकी, जबरन पैसों की मांग, मानसिक प्रताड़ना तथा परिवार के मासूम बच्चों के अपहरण की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उसका पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।

पीड़ित अनुज जाटव पुत्र मोहर सिंह ने हरमाड़ा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि करीब ढाई से तीन वर्ष पहले उसने कुसुम कुमारी से मंदिर में विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन पिछले कई महीनों से पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। शिकायत के अनुसार पत्नी आए दिन बिना बताए घर से चली जाती थी और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा झगड़ा करती थी। अनुज का आरोप है कि पत्नी साफ तौर पर कहती थी कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती और उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

शिकायत में अनुज ने आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले उसकी पत्नी बिना बताए घर छोड़कर चली गई। जब उसने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो कथित रूप से उसे जान से मरवाने और घर से बाहर निकलने पर हमला करवाने की धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं, अनुज का आरोप है कि जब उसने अपने ससुर भूपेंद्र सिंह से बातचीत की तो उन्होंने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि रकम देने पर ही बेटी उसके साथ रहेगी, अन्यथा न साथ रहेगी और न ही तलाक देगी।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी जयपुर में एक स्पा सेंटर में “पूजा” नाम से काम करती है। उसका दावा है कि उसे जानकारी मिली है कि स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इनकी जांच पुलिस द्वारा की जानी बाकी है।

अनुज ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी देर रात कई युवकों को लेकर उसके घर पहुंचती थी, जहां कथित रूप से उसे डराया-धमकाया जाता था और पैसों की मांग की जाती थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसकी बड़ी बहन भूरा देवी के छोटे बच्चों का अपहरण कराने की धमकी भी दी जाती रही है। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन करवाती है और पहले भी दो बार उसका एक्सीडेंट कराने की कोशिश कर चुकी है।

अनुज ने बताया कि वह पिछले लगभग 10 से 11 वर्षों से जयपुर में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। बजरी की गाड़ियां खाली करने का कार्य कर वह अपनी मां और बहन के साथ जीवनयापन करता है। उसके पिता का बचपन में ही निधन हो गया था, जिसके बाद मां और बहन ने कठिन परिस्थितियों में उसे बड़ा किया। अब परिवार का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों से उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

पीड़ित ने हरमाड़ा थाना पुलिस से पत्नी कुसुम कुमारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के आवेदन पर आधारित हैं। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.