Friday, August 7, 2026
spot_img

Latest Posts

पांच करोड़ में खरीदने का आरोप, 10 लोगों के पास भेजकर महिला के साथ शोषण कराने का दावा; अश्लील वीडियो बनाकर बदनाम करने की शिकायत

पति को भी पीटकर अपाहिज करने का आरोप, एसपी-डीएसपी समेत कई अधिकारियों को दिए आवेदन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात

मधुबनी। जिले से एक महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार और शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। सबिला खातून ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है कि उसे पांच करोड़ रुपये में खरीदने की बात कहकर अलग-अलग लोगों के पास भेजा गया और उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण कराया गया। महिला का यह भी आरोप है कि उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक रूप से बदनाम किया जा रहा है।

सबिला खातून के मुताबिक, लाल झोला और मोहम्मद लाल नाम के लोगों से जुड़े लोगों ने उसके साथ गंभीर ज्यादती की। महिला का दावा है कि लाल झोला ने उसे पांच करोड़ रुपये में मोहम्मद लाल को देने की बात कही। इसके बाद मोहम्मद लाल ने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये अपने खाते में रखे और दो दिन बाद उसे मंगरौली के करीब 10 लोगों के पास छोड़ दिया।

महिला का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण किया। पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई गई। आरोप है कि बाद में उसी वीडियो को दिखाकर उसे लगातार अपमानित और बदनाम किया जाने लगा। महिला का कहना है कि लोगों के बीच यह कहकर उसकी बेइज्जती की जाती है कि उसे पांच करोड़ रुपये में खरीदा गया है और जो चाहे उसके साथ शोषण कर सकता है।

सबिला खातून ने यह भी आरोप लगाया कि उसे शराब पिलाकर अलग-अलग लोगों के साथ भेजा जाता था और उसका शोषण कराया जाता था। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

महिला के अनुसार, उसके पति के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपितों ने उसके पति को कई बार पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अपाहिज हो गए। पीड़िता का कहना है कि परिवार में आठ बच्चे हैं और पति की हालत खराब होने के कारण परिवार की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।

सबिला खातून का दावा है कि उसने मामले को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों और एसपी-डीएसपी स्तर पर आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला। महिला का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद आरोपी पक्ष के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी लाल झोला कथित तौर पर उसे धमकाते हुए कहता है कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और इलाके में उसका ही राज चलता है। इन धमकियों के कारण महिला और उसका परिवार लगातार भय के माहौल में रहने को मजबूर है।

सबिला खातून ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, अश्लील वीडियो के जरिए उसे बदनाम करने वालों पर कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.