इंदौर में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर भी काबू पा लिया गया।
मामला इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित खालसा चौक के पास का है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे इलेक्ट्रिक वाहनों के एक शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं पूरे परिसर में फैल गया, जिससे बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीढ़ियों की ममद से किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आग और धुएं के बीच फंसे लोगों को निकालना आसान नहीं था, ऐसे में पुलिस, फायर टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।




