भारत ने 7.7 फीसदी GDP ग्रोथ के साथ तेजी से बढ़ती बड़ी इकोनॉमी में अपनी मजबूत स्थिति एक बार फिर दर्ज की है। ताजा आंकड़ों से प्रसन्न PM मोदी ने इसे 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक कोशिशों का परिणाम कहा, तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सुधारों की गति और तेज करने का संकेत दिया।
GDP के ताजा आंकड़ों से वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत बढ़ोतरी का संकेत मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खुशी जताई है। जहां PM मोदी बोले कि आर्थिक विकास की यह रफ्तार हर भारतीय को गर्व से भर देती है तो वहीं निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने के लिए हमारी सरकार सुधारों को करना जारी रखेगी। जानें दोनों नेताओं ने क्या-क्या कहा?
रंग ला रहा 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक प्रयास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘वैश्विक संकट के इस दौर में 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक कोशिशों से भारत खुद को संभाल भी रहा है और सबसे आगे रहने के उसके प्रयास कामयाब भी हो रहे हैं। देश की विकास गति को लेकर आज आए आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं।’
वास्तविक जीडीपी को लेकर वित्त मंत्री ने जताई खुशी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने X पर पोस्ट किया, ‘वित्त वर्ष 2025-26 में वास्तविक जीडीपी में 7.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 में वास्तविक सकल मूल्य में अनुमानित 7.9 फीसदी की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में वास्तविक जीडीपी और वास्तविक सकल मूल्य में क्रमशः 7.8% और 7.9% की वृद्धि का अनुमान है।




