Wednesday, September 23, 2026
spot_img

Latest Posts

घर का भेदी ही लंका ढाए: 42 हजार रुपए चोरी के आरोप के बाद 5 वर्षीय बच्चे को छत से फेंकने का आरोप

बेगूसराय। जिले में चोरी के एक मामले को लेकर पारिवारिक विवाद गहराने का मामला सामने आया है। सविता देवी ने आरोप लगाया है कि 21 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे उनके जेठानी क्रांति देवी के तीन बच्चों ने उनके घर में घुसकर 42 हजार रुपए चोरी कर लिए। सविता देवी के अनुसार यह रकम उन्होंने अपनी बहन से घर बनाने के लिए उधार ली थी।

सविता देवी का कहना है कि घटना के समय उनके घर के आसपास क्रांति देवी के तीन बच्चे चांदनी कुमारी, धर्मेंद्र महतो और अंशु कुमार मौजूद थे। आरोप है कि चांदनी कुमारी घर के बाहर खड़ी थी। सविता देवी के वहां पहुंचने पर उन्होंने उससे पूछा कि वह वहां क्या कर रही है। इस पर चांदनी ने कथित तौर पर बताया कि वह सविता देवी के बच्चे को खेलने के लिए बुलाने आई थी।

सविता देवी के मुताबिक, चांदनी वहां से जाने लगी तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसके हाथ में एक हजार रुपए मिले। पैसे के बारे में पूछने पर चांदनी ने कथित तौर पर कहा कि ये रुपए सविता देवी के बेटे ने उसे दिए हैं। सविता देवी का आरोप है कि जब उन्होंने बाकी रकम के बारे में पूछा तो उसका पता नहीं चल सका।

सविता देवी ने बताया कि चोरी हुए 42 हजार रुपए उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे, क्योंकि उन्होंने यह रकम घर बनाने के लिए अपनी बहन से ली थी। पैसे गायब होने की बात सामने आने के बाद उन्होंने जब रकम वापस करने की मांग की तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट और झगड़ा हुआ।

सविता देवी ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विवाद के दौरान उनके पांच वर्षीय बेटे अभिराज को छत से नीचे फेंक दिया गया। इससे बच्चे के मुंह और जबड़े में गंभीर चोट आई। सविता देवी के अनुसार बच्चे का इलाज चल रहा है और इलाज में करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च होने की बात बताई गई है।

घटना के बाद सविता देवी ने मामले की शिकायत थाने में आवेदन देकर की है। उन्होंने सरपंच को भी पूरे मामले की जानकारी देने की बात कही है। वहीं दूसरी ओर क्रांति देवी की ओर से चोरी के आरोपों का विरोध किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनका कहना है कि उनके बच्चों ने चोरी नहीं की, बल्कि सविता देवी के ही बच्चों ने पैसे लिए हैं।

सविता देवी का कहना है कि घटना के समय चांदनी कुमारी, धर्मेंद्र महतो और अंशु कुमार वहां मौजूद थे और इन्हीं पर उन्हें चोरी का शक है। हालांकि चोरी और बच्चे को छत से फेंकने के आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सविता देवी ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चोरी हुए 42 हजार रुपए वापस दिलाने तथा उनके पांच वर्षीय बेटे को चोट पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। परिवार के बीच हुए इस विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है और सविता देवी न्याय की गुहार लगा रही हैं।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.