Tuesday, October 6, 2026
spot_img

Latest Posts

नाली के पानी को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से हमला कर पिता-पुत्र समेत महिला को किया घायल

छतरपुर। मातगुंवा थाना क्षेत्र के परा गांव में नाली से घर का पानी निकालने को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नाली का पानी घर के पास से निकालने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है। घटना में पिता-पुत्र समेत एक महिला घायल हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार परा गांव निवासी लाडले कुशवाहा उम्र 45 वर्ष खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पुराने मकान के पीछे नया मकान बना हुआ है। नए मकान के पीछे गांव के ही मानिक लाल यादव का मकान है। आरोप है कि मानिक लाल यादव के घर से नहाने और धोने का पानी नाली के रास्ते लाडले कुशवाहा के नए मकान के किनारे से होकर निकलता है। इसी बात और पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद बताया गया है।

शिकायत के मुताबिक 5 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे लाडले कुशवाहा अपने घर के दरवाजे के बाहर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान मानिक लाल यादव वहां से गुजर रहा था। लाडले ने उसके घर से निकलने वाले पानी की नाली को घर के दरवाजे के पास से निकालने पर आपत्ति जताते हुए नाली बंद करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मानिक लाल यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि गाली देने से मना करने पर मानिक लाल यादव ने पास में पड़ा डंडा उठाकर लाडले कुशवाहा के सिर पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा। लाडले ने बचने का प्रयास किया तो कथित तौर पर दोबारा डंडे से हमला किया गया, जिससे उनके बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट आई।

शिकायत में आगे बताया गया कि कुछ ही देर में मानिक लाल यादव के परिवार के राजेंद्र यादव, पवन यादव और दीप सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि राजेंद्र यादव और पवन यादव के हाथों में डंडे थे और दोनों ने लाडले कुशवाहा के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके बाईं आंख के नीचे और बाएं हाथ के पास चोटें आईं।

बेटे को भी सिर में डंडा मारने का आरोप

मारपीट की जानकारी मिलने पर लाडले कुशवाहा का बेटा अखिलेश कुशवाहा मौके पर पहुंचा और विवाद रोकने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी। आरोप है कि दीप सिंह यादव ने पास में पड़ा डंडा उठाकर अखिलेश के सिर पर मार दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद राजेंद्र यादव द्वारा भी अखिलेश के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इसमें उसके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।

बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी घायल

शिकायत के अनुसार लाडले कुशवाहा की पत्नी हब्बू बाई अपने पति को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान मानिक लाल यादव ने पास में पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाकर हब्बू बाई पर हमला कर दिया। इससे उनके बाएं पैर में घुटने के पास चोट लगने की बात कही गई है।

घटना के दौरान परिवार के अन्य लोग भी पहुंचे

लाडले कुशवाहा के अनुसार मारपीट के दौरान उनका बड़ा बेटा गणेश कुशवाहा, भतीजा प्रकाश कुशवाहा और छोटा भाई रामस्वरूप कुशवाहा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव किया और घटना को देखने की बात पुलिस को बताई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने भविष्य में नाली का पानी निकालने से रोकने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

मामले में चार धाराओं में केस दर्ज

मातगुंवा पुलिस ने लाडले कुशवाहा की मौखिक शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एफआईआर क्रमांक 0188 वर्ष 2026 है, जो 5 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:28 बजे दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(अ), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रमाकांत रावत को दी गई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.