भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बाद आईसीसी की ओर से नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। अभिषेक शर्मा पहले नंबर पर बने हुए हैं। ईशान किशन तीसरे पर हैं। श्रेयस अय्यर ने भी दो स्थानों की छलांग मारी है।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आईसीसी की टी20 रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं। अभी कुछ दिन पहले तक जो ईशान किशन टॉप पर थे, वो अब हल्के से नीचे चले गए हैं। इस बीच टीम इंडिया के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने लंबी छलांग मारी है और वे सीधे सातवें नंबर पर पहुंचने में कामयाब हो गए हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दूसरे नंबर पर हैं।
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के बाद पहली बार आईसीसी रैंकिंग आई
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के खत्म होने और वनडे सीरीज शुरू होने के साथ ही आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी भी पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग फिलहाल 889 की चल रही है। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 883 की चल रही है। यानी पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज के बीच रेटिंग का ज्यादा अंतर नहीं है। ऐसे में अभिषेक की पहली नंबर की कुर्सी पर खतरा हो सकता है।
ईशान किशन तीसरे नंबर पर, लेकिन टॉपर्स से ज्यादा पीछे नहीं
इशान किशन अब तीसरे नंबर पर हैं, जो कुछ वक्त पहले तक पहले नंबर की कुर्सी पर जमे हुए थे। उनकी रेटिंग 862 की है। वे भी फरहान से ज्यादा पीछे नजर नहीं आते हैं। एक अच्छी पारी उन्हें फिर से टॉप की प्रबल दावेदार बना सकती है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 793 की रेटिंग के साथ चौथे और जॉस बटलर 789 की रेटिंग के साथ नंबर पांच पर हैं।
श्रेयस अय्यर को दो स्थानों का फायदा, तिलक वर्मा टॉप 10 से बाहर
इस बीच श्रेयस अय्यर ने भी छलांग मारी है। वे अब दो स्थानों की उछाल के साथ नंबर 7 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग बढ़कर 777 की हो चुकी है। पिछली बार उन्हें काफी नुकसान हुआ था, जिसकी काफी हद तक भरपाई उन्होंने कर ली है। इंग्लैंड फिल साल्ट और वेस्टइंडीज के शे होप को एक एक स्थान का नुकसान हुआ है। श्रीलंका के पथुम निसंका एक स्थान के फायदे के साथ नंबर 10 पर पहुंच गए हैं। तिलक वर्मा अब टॉप 10 से बाहर हो गए हैं। वे 11वें नंबर पर चले गए हैं।




