अन्नू मलिक पत्नी और बेटियों संग अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में पहुंचे। इस दौरान बेटी अदा मलिक अपने आधे सफेद-आधे काले बाल और पिंक ब्रोकेड शरारा वाले अनोखे लुक को लेकर सुर्खियों में रहीं।
मुंबई में अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में गणेश चतुर्थी का जश्न हर साल की तरह इस बार भी सितारों से सजा नजर आया। बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां इस खास मौके पर पहुंचीं। इसी बीच मशहूर संगीतकार और गायक अन्नू मलिक भी अपनी पत्नी अंजली और बेटियों अनमोल व अदा मलिक के साथ अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में शामिल हुए। परिवार के साथ पहुंचे अन्नू मलिक ने पारंपरिक अंदाज में बप्पा के दर्शन किए। हालांकि इस दौरान कैमरों की सबसे ज्यादा नजर उनकी छोटी बेटी अदा मलिक पर टिक गई। अदा अपने कपड़ों से ज्यादा अपने बिल्कुल अलग और अतरंगी हेयरस्टाइल को लेकर चर्चा में आ गईं। उनका वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनके लुक पर तरह-तरह के कमेंट करने शुरू कर दिए।
आधे बाल सफेद, आधे काले, अदा का अनोखा हेयरस्टाइल
अदा मलिक के लुक की सबसे खास बात उनके बाल थे। उन्होंने अपने बालों को ऐसा स्टाइल दिया था, जिसे देखकर पहली नजर में हर किसी का ध्यान उन्हीं पर चला जाता है। उनके बालों का एक हिस्सा सफेद नजर आ रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा काले रंग में था। इस तरह के कॉन्ट्रास्ट हेयरस्टाइल ने उनके पूरे लुक को काफी अलग बना दिया। अदा पहले भी अपने बोल्ड और एक्सपेरिमेंटल फैशन के लिए जानी जाती रही हैं, उनके विंग आई लाइनर काफी चर्चा में रहे, लेकिन अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में उनका यह लुक सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का बड़ा कारण बन गया। कुछ लोगों को उनका अंदाज पसंद आया, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
पिंक ब्रोकेड शरारा में दिखीं अदा
हेयरस्टाइल के साथ अदा का आउटफिट भी काफी खास था। उन्होंने पिंक रंग का ब्रोकेड शरारा पहना था, जो पारंपरिक और मॉडर्न स्टाइल का मिश्रण नजर आ रहा था। भारतीय परिधान के साथ उनका अनोखा हेयरस्टाइल उनके लुक को बाकी मेहमानों से बिल्कुल अलग बना रहा था। अदा ने अपने इस लुक को पूरे आत्मविश्वास के साथ कैरी किया। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उनके बालों को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं बंटी हुई नजर आईं। कई यूजर्स ने उनके हेयरस्टाइल को पसंद नहीं किया और कुछ ने उनकी तुलना ‘जोकर’ तक से कर दी। देखते ही देखते अदा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
अदा के लुक पर क्यों मचा बवाल?
फैशन और स्टाइल के मामले में अदा मलिक का अंदाज हमेशा थोड़ा अलग रहा है। वह अक्सर ऐसे लुक्स और हेयरस्टाइल के साथ नजर आती हैं, जो सामान्य बॉलीवुड फैशन से हटकर होते हैं। यही वजह है कि उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जल्दी लोगों का ध्यान खींच लेते हैं। इस बार भी अदा ने अपने लुक में कुछ नया करने की कोशिश की, लेकिन इंटरनेट का एक वर्ग उनके एक्सपेरिमेंट से खुश नजर नहीं आया। कुछ लोगों ने कमेंट सेक्शन में उनके लुक की आलोचना की तो कुछ ने इसे जरूरत से ज्यादा अजीब बताया। हालांकि सोशल मीडिया पर होने वाली ऐसी प्रतिक्रियाओं के बीच अदा ने अपने स्टाइल को जिस कॉन्फिडेंस के साथ पेश किया, वह भी चर्चा का हिस्सा रहा।
क्या करती हैं अन्नू मलिक की बेटी अदा?
अदा मलिक सिर्फ अन्नू मलिक की बेटी, नहीं बल्कि जानी-मानी फैशन डिजाइनर हैं। उन्होंने संजय लीला भंसाली के लिए भी काम किया है। उन्होंने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध पर्सॉन्स स्कूल ऑफ डिजाइन से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है। वह अपने क्रिएटिव कामों और गॉर्जियस अंदाज के लिए जानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर लोग दावा करते हैं कि अन्नू मलिक की बेटी अदा मलिक की शक्ल मशहूर कोरियन पॉप स्टार और ब्लैकपिंक की मेंबर लीसा से मिलती है। इतना ही नहीं वो उनके फैशन को भी फॉलो करती हैं।




