गुल्लक सीजन 5 रिव्यू: बदलते वक्त के बीच वही पुरानी यादों की सौंधी खुशबू, जो सीधे दिल को छूती है एक बार फिर ओटीटी के पर्दे पर लौट आई है। गुल्लक सीजन 5 दस्तक दे चुका है, कुछ पुराने कुछ नए चेहरे के साथ ये शो अब कैसा है जानें।
आज के दौर पर अगर गौर करें तो एक ओर लोग बड़े पर्दे से लेकर ओटीटी पर सस्पेंस, मर्डर मिस्ट्री, बोल्ड फिल्में देखना पसंद कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर घरेलू, गांव की लुभावनी कहानियों को भी सराह रहे हैं। इसी दौर में ‘पंचायत’, ‘ये मेरी फैमिली’, ‘ग्राम चिकित्सालय’ और ‘दोपहिया’ जैसे कई शोज ने जन्म लिया। इसी में से एक है TVF की सीरीज, जो अलग लेवल का कंफर्ट देती थीं, लोगों के दिलों में उतर जाती है, इसका नाम है ‘गुल्लक’। अब इसका पांचवा सीजन रिलीज हो चुता है और सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रहा है। इस सीरीज के पहले 4 भाग काफी सफल रहे, ऐसे में लोगों की उम्मीदें 5वें सीजन से भी खास तौर पर जुड़ी रहीं। कई लोगों के लिए ‘गुल्लक’ का आना चिलचिलाती धूप में नीम की ठंडी छांव जैसा ही है। यह शो कोई बड़ी-बड़ी गाड़ियां, आलीशान बंगले या चौंकाने वाले क्लाइमेक्स नहीं दिखाता, ये बस आपके बगल में आकर ठहर जाता है और फिर धीरे-धीरे जेहन में घुलता है, ठीक वैसे ही जैसे शुक्रवार की ढलती दोपहर में चाय का एक कुल्हड़ रखा हो और धीरे-धीरे बिस्किट उसमें घुल जाए। पिछले सीजम की तरह ही ये जिंदगी की उन छोटी-छोटी खुशियों की याद दिलाएगा जिन्हें हम अक्सर भागदौड़ में पीछे छोड़ देते हैं। लगभग दो साल के लंबे इंतजार के बाद मिश्रा परिवार अपने पांचवें सीजन के साथ वापस लौट आया है। TVF की खूबी रही है कि वे इंसानी रिश्तों को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारते हैं और ये सीजन भी पूरी तरह से एक ह्यूमन स्टोरी है, जिसे देखकर लगता है कि यह हमारे अपने घर का किस्सा है, किसी मशीन या कंप्यूटर से लिखी गई स्क्रिप्ट नहीं है।
क्या है गुल्लक सीजन 5 का प्लॉट?
इस बार मिश्रा निवास 534 में बदलाव की बयार बह रही है, लेकिन इसकी रफ्तार किसी बुलेट ट्रेन की तरह नहीं बल्कि लखनऊ मेल की तरह है, जो कि बहुत ही धीमी है। सीजन की शुरुआत एक ऐसे नजारे से होती है जिससे हर मिडिल क्लास परिवार पहले ही वाकिफ है, पहले ही शॉट में आपको घर के एक कोने में रखे पेंट के डिब्बे, रोलर, पुट्टी और ब्रश दिखाई देंगे। जी हां, मिश्रा जी के घर में सालों बाद पोताई हो रही है। एक और बड़ा बदलाव भी हो रहा है, अब मिश्रा जी के घर में वाई-फाई राउटर भी आ गया है, क्योंकि बड़े बेटे अन्नू को अपनी ऑफिस की मीटिंग्स के लिए बिना रुकावट वाला इंटरनेट चाहिए। मजेदार बात ये है-




