मालगुडी डेज’ में स्वामी बनकर मशहूर हुए मास्टर मंजूनाथ ने 17 साल की उम्र में एक्टिंग छोड़ दी। इसके बाद आईटी, ई-गवर्नेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम कर अपनी अलग पहचान बनाई।
दूरदर्शन के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘मालगुडी डेज’ को देखने वाली 1980 के दशक की पीढ़ी के लिए मास्टर मंजूनाथ का चेहरा आज भी यादगार है। आर.के. नारायण की कहानियों पर आधारित इस शो में उन्होंने शरारती स्कूली बच्चे स्वामी का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई थी। उस दौर में उनकी मासूमियत और शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। इस भूमिका के लिए उन्हें छह अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार, एक राष्ट्रीय पुरस्कार और एक राज्य स्तरीय पुरस्कार भी मिला। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी पर्दे पर अपनी अदाकारी से लोगों का मनोरंजन करने वाले मंजूनाथ ने आगे चलकर फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और आईटी, ई-गवर्नेंस से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र तक में अपनी अलग पहचान बनाई?
इत्तेफाक से फिल्मों में आए थे मास्टर मंजूनाथ
मंजूनाथ का फिल्मी सफर किसी कलाकार की तरह अभिनय सीखने या फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के सपने से शुरू नहीं हुआ था। उनके माता-पिता का फिल्मों से कोई संबंध नहीं था। दरअसल, काम पर जाते समय वे मंजूनाथ को घर पर अकेला नहीं छोड़ सकते थे। ऐसे में उन्होंने उसे अपने घर के पास एक फिल्म सेट पर बच्चों की देखभाल के लिए बनाई गई जगह पर छोड़ना शुरू कर दिया। यहीं से उनके लिए फिल्मों का रास्ता खुला। ‘जिमी जिमी’ पॉडकास्ट में मंजूनाथ ने बताया कि एक पार्ट-टाइम प्रोडक्शन मैनेजर ने उन्हें देखा। उन्हें लगा कि मंजूनाथ काफी बोलते हैं और कैमरे के सामने अच्छा कर सकते हैं। उन्होंने उनके माता-पिता को कन्नड़ फिल्म ‘अजीत’ में काम करने के लिए राजी किया। इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता अंबरीश मुख्य भूमिका में थे। इस तरह महज तीन साल की उम्र में मंजूनाथ ने अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया।
स्वामी’ बनकर मिली देशभर में पहचान
मंजूनाथ ने तीन से 17 साल की उम्र के बीच 25 से अधिक कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में काम किया। इस दौरान उन्हें अंबरीश, शंकर नाग, अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और सनी देओल जैसे बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिला। जब निर्देशक शंकर नाग ने उन्हें ‘मालगुडी डेज’ में स्वामी के किरदार के लिए चुना, तब तक वह 23 से 25 फिल्मों में काम कर चुके थे। इस धारावाहिक ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। स्वामी के किरदार में उनकी सहज अदाकारी और शरारती अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया। आज भी उन्हें इसी भूमिका के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है।
माता-पिता की एक शर्त ने पढ़ाई को रखा प्राथमिकता
भले ही मंजूनाथ को कम उम्र में सफलता मिल गई थी, लेकिन उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि अभिनय की वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो। उन्होंने साफ कर दिया था कि फिल्मों में काम करना कोई स्थायी अवसर नहीं है। मंजूनाथ के मुताबिक अगर वह किसी परीक्षा में फेल होते तो उन्हें फिल्मों में काम करने से रोक दिया जाता। यह उनके लिए प्रोत्साहन से ज्यादा एक चेतावनी थी। उन्होंने बताया कि फिल्मों में काम जारी रखने के लिए वह पढ़ाई में भी खूब मेहनत करते थे। उन्हें अभिनय की दुनिया पसंद थी, लेकिन माता-पिता की शर्त ने उन्हें शिक्षा को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया।
17 साल की उम्र में खत्म हुआ फिल्मी सफर
मंजूनाथ का बाल कलाकार के रूप में करियर शानदार रहा, लेकिन किशोरावस्था में पहुंचने के बाद उनके लिए अभिनय के अवसर कम होने लगे। उस समय कन्नड़ सिनेमा में उनकी उम्र के कलाकारों के लिए पर्याप्त भूमिकाएं नहीं थीं। उन्होंने बताया कि उस दौर में बाल कलाकारों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता आसान नहीं था। कलाकार या तो बच्चों की भूमिकाएं करते थे या फिर सीधे वयस्क किरदारों में नजर आने लगते थे। 17 साल की उम्र तक उन्होंने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया। 15 साल की उम्र में पिता को खोने के बाद 17 की उम्र में उनके पास काम नहीं था। इसके बाद कुछ समय तक दूरदर्शन के धारावाहिकों में काम किया, लेकिन उनका फिल्मी करियर लगभग समाप्त हो गया। उनकी आखिरी फिल्म 1992 में आई तेलुगु फिल्म ‘स्वाति किरणम’ थी, जिसका निर्देशन के. विश्वनाथ ने किया था।
कॉफी शॉप में विदेशियों को देखकर सीखा इंटरनेट
फिल्मों से दूरी बनाने के बाद मंजूनाथ ने अपने करियर के लिए एक बिल्कुल नया रास्ता चुना। 1990 के दशक के आखिर में बेंगलुरु में आईटी कंपनियों का विस्तार होने लगा था। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइनबैंगलोर डॉट कॉम में कंटेंट राइटर की नौकरी पाने का फैसला किया। दिलचस्प बात यह है कि नौकरी के लिए उन्होंने इंटरनेट चलाना जानने का दावा तो कर दिया, लेकिन वास्तव में उन्हें इसकी ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि ब्रिगेड रोड स्थित कॉफी डे के एक आउटलेट में विदेशियों को कंप्यूटर पर इंटरनेट इस्तेमाल करते देखकर उन्होंने इसकी शुरुआती जानकारी हासिल की थी। वहां रखे तीन कंप्यूटरों के जरिए उन्होंने इंटरनेट की दुनिया को समझना शुरू किया।
एक आइडिया ने बदल दी करियर की दिशा
डॉट-कॉम का दौर खत्म होने के बाद उनकी नौकरी पर भी संकट आ गया। ऐसे में उनके बॉस ने उन्हें अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए तीन महीने का समय दिया। मंजूनाथ को स्कूल के दिनों में परीक्षा परिणाम देखने के लिए नोटिस बोर्ड पर लगने वाली भीड़ याद आई। इसी अनुभव से उन्हें एक विचार आया कि SSLC और PUC परीक्षाओं के नतीजे इंटरनेट पर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें डेटा साझा करने के लिए राजी किया। साथ ही NIT और टाइटन जैसी कंपनियों को इस पहल के लिए प्रायोजक बनाया। नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के साथ मिलकर इस दिशा में काम किया। उनकी यह पहल सफल रही और तत्कालीन मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा तथा कई आईएएस अधिकारियों का ध्यान उनकी ओर गया।
ई-गवर्नेंस से इंफ्रास्ट्रक्चर तक बनाया करियर
इसके बाद मंजूनाथ कर्नाटक में ई-गवर्नेंस से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का हिस्सा बने। इनमें बीबीएमपी की वेबसाइट, प्रॉपर्टी टैक्स के ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था और भूमि परियोजना शामिल थीं। भूमि परियोजना के जरिए राज्य में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने का काम किया गया। ई-गवर्नेंस के बाद उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कदम रखा। करीब 18 वर्षों तक उन्होंने बेंगलुरु एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और NICE पेरिफेरल रोड जैसी परियोजनाओं पर काम किया। इस दौरान जमीन अधिग्रहण, विभिन्न पक्षों के बीच समन्वय और नीतिगत तालमेल जैसी जिम्मेदारियां संभालीं।
अब अपनी कंसल्टेंसी फर्म चला रहे हैं मंजूनाथ
पिछले आठ-नौ वर्षों से मंजूनाथ VIC प्राइवेट लिमिटेड नाम की अपनी कंसल्टेंसी फर्म चला रहे हैं। इस काम के तहत वह निजी कंपनियों और सरकार के बीच नीतिगत तालमेल बनाने में मदद करते हैं। उनका कहना है कि कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने उन्हें सरकार के साथ काम करने के अवसर दिए और इस दौरान उन्हें काफी सहयोग मिला।




