Thursday, October 8, 2026
spot_img

Latest Posts

सराया बनने वाली हैं बड़ी बहन, कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर फिर गूंजेगी किलकारी, नन्हे जूते दिखाकर दी खुशखबरी

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने दूसरी संतान के आने की खुशखबरी साझा की है। खास तस्वीर में दोनों अपनी बेटी सराया के साथ नन्हे बच्चे के जूते थामे नजर आए।
कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की जिंदगी में एक बार फिर खुशियों का नया अध्याय शुरू होने वाला है। शादी के बाद बेटी के माता-पिता बने इस स्टार कपल ने अब अपने परिवार को और बड़ा करने की खुशखबरी साझा की है। कियारा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए दूसरी संतान के आने का ऐलान किया। खास बात यह रही कि इस खुशी में उनकी नन्ही बेटी सराया भी परिवार के साथ शामिल नजर आईं। दोनों ने एक प्यारे पोस्ट के साथ फैंस को खुशखबरी दी है।
नन्हे जूतों ने दे दी खुशखबरी
कियारा ने जिस अंदाज में यह खबर फैंस के साथ साझा की, उसने सबका ध्यान खींच लिया। तस्वीर में कियारा, सिद्धार्थ और उनकी बेटी सराया के हाथ नजर आ रहे हैं। तीनों ने नन्हे बच्चे के बुने हुए जूते थाम रखे हैं। इसी तस्वीर के साथ कियारा ने अपने दिल की बात लिखते हुए कहा कि एक बार फिर उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है और उनका परिवार प्यार तथा आभार से भरा हुआ है। तस्वीर सामने आते ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। इस घोषणा की एक और खास बात है। कियारा और सिद्धार्थ ने जब पहली बार माता-पिता बनने की खबर दी थी, तब भी उन्होंने नन्हे बच्चे के जूतों के जरिए अपनी खुशी जाहिर की थी। ऐसे में दूसरी संतान की घोषणा का यह तरीका उनके लिए भावनात्मक रूप से भी खास माना जा रहा है।
पिछले साल बेटी का किया था स्वागत
कियारा और सिद्धार्थ ने 16 जुलाई 2025 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। दोनों के घर बेटी ने जन्म लिया, जिसका नाम सराया रखा गया। माता-पिता बनने के बाद कियारा ने कुछ समय परिवार को देने के बाद अपने काम की दुनिया में वापसी की। इस साल वह यश के साथ फिल्म ‘टॉक्सिक’ में दिखाई दीं। मां बनने के बाद कियारा ने कई बातचीत में अपने अनुभव साझा किए। राज शामानी के कार्यक्रम में उन्होंने बताया था कि मदरहुड ने उन्हें भीतर तक बदल दिया है। उनके मुताबिक मां बनने से पहले और बाद की कियारा में उन्हें काफी अंतर महसूस होता है। उन्होंने यह भी कहा था कि मां बनने के बाद उनके भीतर पहले से ज्यादा आत्मविश्वास और मजबूती आई है।

गर्भावस्था में भी नहीं रुकी थी शूटिंग
कियारा के काम के प्रति समर्पण का जिक्र उनकी ‘टॉक्सिक’ की सह-कलाकार हुमा कुरैशी भी कर चुकी हैं। हुमा ने बताया था कि फिल्म के एक दृश्य की शूटिंग के दौरान तेज बारिश हो रही थी। उस समय कियारा गर्भावस्था के छठे महीने में थीं, इसके बावजूद वह पूरी मजबूती के साथ सीन करती रहीं। हुमा ने बताया था कि बारिश में शूटिंग करते हुए उन्हें खुद तेज सिरदर्द हो रहा था और जब भी उन्हें शिकायत करने का मन होता, वह कियारा को देखती थीं। गर्भावस्था के बावजूद कियारा का काम के प्रति समर्पण देखकर उन्हें प्रेरणा मिलती थी।

‘शेरशाह’ के सेट से शुरू हुई थी कहानी
कियारा और सिद्धार्थ की प्रेम कहानी की शुरुआत फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान हुई थी। 2021 में आई इस फिल्म में सिद्धार्थ ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा का किरदार निभाया था, जबकि कियारा ने उनकी प्रेमिका डिंपल चीमा की भूमिका निभाई थी। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों की नजदीकियों की खबरें सामने आने लगी थीं, हालांकि उस समय दोनों ने अपने रिश्ते पर खुलकर बात नहीं की। बाद में करण जौहर के एक कार्यक्रम में कियारा को सिद्धार्थ की प्रेमिका के तौर पर संबोधित किए जाने के बाद उनके रिश्ते की चर्चा और तेज हो गई।

जैसलमेर में रचाई थी शादी
कई साल तक रिश्ते में रहने के बाद कियारा और सिद्धार्थ ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर में शादी की थी। पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से हुई इस शादी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शादी के करीब दो साल बाद दोनों पहली बार माता-पिता बने और अब परिवार में एक और नन्हे सदस्य के आने की खबर ने उनकी खुशियों को दोगुना कर दिया है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.