Thursday, September 10, 2026
spot_img

Latest Posts

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 4 उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार कथित उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल चारों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
मणिपुर के दो घाटी जिलों से सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तारियां बुधवार को की गईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के माना इंगखोल इलाके से ‘नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर’ (एनआरएफएम) के 28 वर्षीय एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के 44 वर्षीय एक सदस्य को पकड़ा गया।

चारों आरोपियों से पूछताछ, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दो अन्य लोगों में एक प्रतिबंधित कांगलेई याओल कन्ना लुप (केवाईकेएल) का सक्रिय सदस्य है, जिसे इंफाल पश्चिम जिले के सागोलटोंगबा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। दूसरा व्यक्ति इंफाल पूर्वी जिले के अहल्लुप इलाके से पकड़ा गया, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि वह केसीपी (नोंगद्रेनखोंबा) से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई।

असम के व्यक्ति की मणिपुर में हत्या
वहीं, मणिपुर की राजधानी इंफाल में मादक पदार्थों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद असम के एक व्यक्ति की उसके दो साथियों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, सोमवार रात थंगल बाजार में असम के सिलचर के बोरोजालेंगा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर बदला लेने की नीयत से हत्या करने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात गांजे के लेन-देन को लेकर पीड़ित और आरोपियों के बीच हुए विवाद का नतीजा थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार को बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.