मौसम विभाग ने यूपी में बारिश कम होने के संकेत दिए हैं, जबकि कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है।
सितंबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में बादल बरस रहे हैं, वहीं कहीं आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज, 28 सितंबर को कई राज्यों में बारिश और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों में खास सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि कुछ जिलों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम में इस बदलाव के पीछे दक्षिणी म्यांमार के तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र भी एक वजह है। यह सिस्टम 27 सितंबर को बना और अगले 24 घंटे में उत्तरी अंडमान सागर एवं म्यांमार के इरावदी डेल्टा की तरफ बढ़ सकता है। इसके बाद इसके म्यांमार-बांग्लादेश तट के समानांतर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
कहां-कहां बरस सकते हैं बादल?
IMD ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात और महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के कई हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पहाड़ों पर ज्यादा सावधानी जरूरी
उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने खास चेतावनी जारी की है। 28 सितंबर को यहां भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला और सिरमौर में भी कुछ जगहों पर अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।
दिल्ली में बादल, हल्की बूंदाबांदी संभव
राजधानी दिल्ली में 28 सितंबर को मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान अधिकतम 31 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी में अब बारिश से मिल सकती है राहत
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। अब मौसम विभाग ने बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत दिए हैं। 27 सितंबर को पूर्वी यूपी में अत्यधिक भारी और पश्चिमी यूपी में बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई और 46 घायल बताए जा रहे हैं।
बिहार-झारखंड में आंधी का दौर
बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आंधी और बारिश का सिलसिला रह सकता है। झारखंड में भी 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। दोनों राज्यों में बिजली चमकने और गिरने की घटनाओं को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला
मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से बारिश जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी हिस्से में 30 सितंबर तक और पूर्वी हिस्से में 1 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।




