Tuesday, September 8, 2026
spot_img

Latest Posts

पत्नी बच्चों को छोड़कर अचानक घर से गायब, पति बोला मां ने समझाया तो कमरे में गई, नींद से उठा तो आरती घर में नहीं थी

कर्नाटक में रहने वाले बिलासपुर जिले के मल्हार थाना क्षेत्र निवासी बलराम ने अपनी पत्नी आरती के अचानक लापता होने को लेकर चिंता जताई है। बलराम के अनुसार उसकी और आरती की शादी करीब 11 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दोनों के दो बच्चे आशीष और अलका हैं। बताया जा रहा है कि 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दिन पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बलराम का आरोप है कि उस समय वह नशे की हालत में था और दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।

बलराम के मुताबिक विवाद के बाद पति-पत्नी एक साथ ही रहे। अगले दिन सुबह उसकी मां सोदरा देवी और पिता छबिलाल ने दोनों को समझाया और कहा कि आपस में झगड़ा करने के बजाय घर चलो। बलराम का कहना है कि उसकी मां ने आरती को भी समझाया और दोनों के बीच विवाद खत्म कर मल्हार गांव वापस जाने की बात कही। इसके बाद सोदरा देवी अपने कमरे में जाकर सामान की पैकिंग करने लगीं।

पति का दावा है कि इसी दौरान आरती बिना किसी को बताए घर से निकल गई। उस वक्त दोनों बच्चे घर पर ही थे। बलराम के अनुसार कुछ समय बाद जब वह सोकर उठा तो आरती घर में नहीं थी। काफी तलाश करने के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने आसपास के इलाकों और स्टेशन सहित कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन आरती का कोई सुराग नहीं मिला।

बलराम का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर नोकझोंक होती रहती थी। हालांकि उसने दावा किया कि वह पत्नी से किसी तरह का विवाद नहीं चाहता और उसकी सबसे बड़ी चिंता दोनों बच्चों की मां के अचानक चले जाने को लेकर है। उसका कहना है कि आरती जहां कहीं भी है, सुरक्षित हो और वापस घर लौट आए।

बलराम ने यह भी आरोप लगाया कि आरती के मायके वालों को उसके घर से चले जाने की जानकारी है। उसके मुताबिक आरती के बड़े भाई संतोष कुमार और बहन ने फोन कर उससे कथित तौर पर कहा कि एक हजार रुपये देने पर आरती वापस घर आ जाएगी। बलराम का कहना है कि उसने संतोष कुमार को एक हजार रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद आरती वापस नहीं आई और अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

पति के अनुसार इसके बाद आरती के मायके पक्ष की ओर से उसे लगातार कोर्ट में मामला करने की बात कही जा रही है। बलराम का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं और लगातार मुकदमे की धमकी दे रहे हैं। इस वजह से वह काफी तनाव में है।

बलराम का कहना है कि उसका उद्देश्य पत्नी के साथ किसी तरह का विवाद या कानूनी लड़ाई करना नहीं है। वह केवल इतना चाहता है कि आरती जहां भी हो, सुरक्षित घर वापस आ जाए और दोनों पति-पत्नी आपसी विवाद खत्म कर शांतिपूर्वक अपने बच्चों के साथ जीवन बिताएं। मामले में पत्नी के अचानक लापता होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ी हुई है। आरती के मिलने के बाद ही उसके घर से जाने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.