Wednesday, June 3, 2026
spot_img

Latest Posts

रचिन रवींद्र ने मारी छलांग, शुभमन गिल को नुकसान, ऋषभ पंत को बिना खेले फायदा कैसे हो गया

आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा टेस्ट रैंकिंग में जो रूट पहले नंबर के बल्लेबाज बने हुए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल पर अब टॉप 10 से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच ऋषभ पंत को एक स्थान का फायदा मिलता हुआ दिख रहा है।
आईसीसी ने एक बार फिर से नई रैंकिंग जारी कर दी है। भारतीय टीम ने लंबे समय से कोई टेस्ट नहीं खेला है, लेकिन इसके बाद भी टीम इंडिया के प्लेयर्स की रैंकिंग में बदलाव हो गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल को हल्का सा नुकसान हुआ है, वहीं ऋषभ पंत को फायदा मिला है। न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी रचिन रवींद्र ने इस बीच टॉप 10 में एंट्री कर ली है।
जो रूट अभी भी टेस्ट के नंबर एक बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट की नई रैंकिंग आईसीसी ने जारी कर दी है। अभी टॉप 5 बल्लेबाज वहीं हैं, जहां पहले थे, यानी इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग 880 की है। इंग्लैंड के ही हैरी ​ब्रूक 857 की रेटिंग के साथ नंबर दो पर हैं। ट्रेविस हेड की रेटिंग 853 है और वे नंबर तीन पर हैं। स्टीव स्मिथ 831 की रेटिंग के साथ नंबर चार पर हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन नंबर 5 पर हैं और उनकी रेटिं 807 की है।

रचिन रवींद्र ने मारी दो स्थानों की छलांग, शुभमन गिल दसवें नंबर पर पहुंचे
इस बीच न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने दो स्थानों की छलांग मारी है। अब उन्होंने टॉप 10 में अपनी जगह पक्की करते हुए नौवें नंबर पर कब्जा कर लिया है। उनकी रेटिंग 737 की हो गई है। हाल में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में रचिन रवींद्र ने शानदार शतक लगाया था, इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है। रचिन के आगे जाने से भारतीय कप्तान शुभमन गिल को नुकसान हुआ है। अब वे एक पायदान नीचे खिसक कर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल की रेटिंग 730 की है। अब उन पर टॉप 10 से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।

ऋषभ पंत को बिना खेले कैसे मिला फायदा
शुभमन गिल को जहां नुकसान हुआ है, वहीं ऋषभ पंत को एक स्थान का फायदा हो गया है। अब वे एक पायदान की छलांग लगाते हुए 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। हालांकि उनकी रेटिंग 704 की ही है। ऋषभ पंत ने भी कोई टेस्ट नहीं खेला है, लेकिन न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दो पायदान नीचे आ गए हैं, क्योंकि उनका प्रदर्शन ठीक नहीं रहा, इसका फायदा पंत को मिल गया है। एलेक्स कैरी भी एक स्थान आगे गए हैं।

भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच 6 जून से होगा शुरू
अब भारतीय टीम लंबे समय बाद फिर से मैदान में उतरेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। इसमें गिल और पंत खेलेंगे। वैसे ये मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का तो हिस्सा नहीं है, लेकिन खिलाड़ी जैसा प्रदर्शन करेंगे, उसके बाद उनकी रैंकिंग पर जरूर असर दिखाई देगा। यानी अगली रैंकिंग में दोनों टीमों के प्लेयर्स की रेटिंग में तो बदलाव होगा ही, रैंकिंग भी कम या ज्यादा हो सकती है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.