पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन का भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने यह माना है कि लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में टीम इंडिया के स्तर तक पहुंचना पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए काफी बड़ी चुनौती है।
वर्ल्ड क्रिकेट में मौजूदा समय में भारतीय लिमिटेड ओवर्स टीम के प्रदर्शन को लेकर हर जगह चर्चा देखने को मिलती है, जिसमें अब एक नाम पाकिस्तानी टीम के मौजूदा हेड कोच माइक हेसन का भी जुड़ गया है। माइक हेसन ने अपने हाल में दिए एक बयान में लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में भारतीय टीम को बेंचमार्क माना है और अपनी टीम को चुनौती दी है कि वे जापान में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी के दौरान इस अंतर को कम करें। एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने से पहले कराची में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माइक हेसन ने दिए अपने बयान में कहा कि इस समय व्हाइट बॉल क्रिकेट में भारतीय टीम एक बेंचमार्क है और हमारी चुनौती उनके स्तर तक पहुंचना है।
हम भारतीय टीम पर दबाव बनाने की पूरी कोशिश करेंगे
जापान के नागोया में पुरुष क्रिकेट इवेंट की शुरुआत 24 सितंबर से हो गई है, तो वहीं पाकिस्तानी टीम को अपना पहला मुकाबला जो क्वार्टर फाइनल स्टेज का होगा उसे 28 सितंबर को खेलना है जिसमें उसका सामना पूल-बी की विजेता टीम हांगकांग, ओमान या मलेशिया में से किसी एक से होगा। वहीं भारतीय टीम से उनका सामना होने की संभावना मेडल में हो सकती है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए खिलाफ मैच होने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन ने कहा कि हम निश्चित रूप से अपनी पूरी तैयारी कर रहे हैं और अगर हमें भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है तो हमारी कोशिश उनके ऊपर पूरी तरह से दबाव बनाने की रहने वाली है।
साहिबजादा फरहान की कप्तानी में खेलेगी पाकिस्तानी टीम
एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया था, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी उन्होंने अपने आक्रामक बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को सौंपी है। वहीं इसके अलावा स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें सैम अयूब और अबरार अहमद को भी जगह मिली है। एशियन गेम्स 2023 में भी क्रिकेट का इवेंट हुआ था, जिसमें पाकिस्तानी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए अपनी जगह बनाई थी, लेकिन उनको उस मुकाबले में बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।




