दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन दो महीने पहले ही हुआ था। इसकी लागत लगभग 12 हजार करोड़ रुपये है, लेकिन अब इसमें बने बड़े-बड़े गड्ढों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के दो महीने बाद ही बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि सड़क के बीचो-बीच कई गड्ढे बने हुए हैं। पास से ही तेज स्पीड में वाहन निकल रहे हैं। ऐसे में बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने अपने वाहन को हुए नुकसान के बारे में भी बताया है। पीड़ित व्यक्ति की वैन का रिम गड्ढे में आने से मुड़ गया था।
अहम बात यह है कि दिल्ली और उत्तराखंड में अभी मानसून ने दस्तक दी है। इस साल बारिश कम होने के आसार है। इसके बावजूद बारिश से पहले ही एक्सप्रेसवे की हालत खराब हो गई है। अगर यही आलम रहा तो चार महीने की बारिश के बाद एक्सप्रेसवे की हालत और बदतर हो सकती है। ऐसे में हादसों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
12 हजार करोड़ रुपये में बना हाईवे
दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना है। हालांकि, मानसून की पहली बारिश के बाद ही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।वाहनों को हो रहा नुकसान
वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी लागत से बने एक्सप्रेसवे पर महज कुछ महीनों में इस तरह की स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2026 को दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हुआ था। उद्घाटन के लगभग दो महीने बाद ही सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे दिखाई देने के बाद निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, संबंधित एजेंसियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।




