Wednesday, July 29, 2026
spot_img

Latest Posts

वाराणसी के कपसेठी चौराहे पर जलभराव बना जानलेवा, कालिका धाम मार्ग पर रोज हादसों का खतरा, राहगीरों में भारी आक्रोश

वाराणसी।

सेवापुरी क्षेत्र के कपसेठी चौराहे से कालिका धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर इतना अधिक पानी भर जाता है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना बेहद कठिन हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक पानी में बने गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा पाते, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीणों और राहगीरों का आरोप है कि कपसेठी चौराहे से सनसिटी क्षेत्र तथा प्रधानमंत्री के फ्लाईओवर के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पूरा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी कालिका धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और लोक निर्माण विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। सड़क पर फैला पानी दुर्घटनाओं को लगातार न्योता दे रहा है। कई बाइक चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं, जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण घंटों तक यातायात प्रभावित रहता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में दिखाई नहीं देते, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, सड़क की मरम्मत कराने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्र की जनता का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच कपसेठी चौराहे का यह जलभराव प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर पेश कर रहा है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.