Saturday, July 11, 2026
spot_img

Latest Posts

भैंस खोलकर ले जाने का विरोध करने पर महिला से मारपीट, आभूषण छीनने और जान से मारने की धमकी का आरोप

विशेष संवाददाता

अररिया। नरपतगंज थाना क्षेत्र के बीबीगंज वार्ड नंबर 10 की रहने वाली एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर भैंस खोलकर ले जाने का विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला करने, गंभीर रूप से घायल करने, आभूषण छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने नरपतगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

आवेदन के अनुसार, अरूणा देवी, उम्र 45 वर्ष, पति टराई मुखिया ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर से लगभग एक किलोमीटर उत्तर स्थित लछा धार के पास अपनी भैंस बांधे हुए थीं। उसी समय वह पास के मूंग के खेत में मूंग तोड़ रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान सिमराही वार्ड नंबर 11 निवासी कंचन यादव वहां पहुंचे और भैंस को खोलकर ले जाने लगे।

महिला का कहना है कि जब उनकी नजर भैंस पर पड़ी तो वह तुरंत वहां पहुंचीं और विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ में लिए लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया। आवेदन में कहा गया है कि लाठी का वार उनके दाहिने हाथ पर लगा, जिससे उनका हाथ टूट गया और वह घायल हो गईं।

पीड़िता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उनके कपड़े फाड़ दिए, जिससे वह अर्धनग्न हो गईं। इसके बाद उनके गले से लगभग 7 भर चांदी की चैन, कान से चांदी की बाली और नाक से सोने की नथ जबरन छीन ली गई। आवेदन में इन आभूषणों की कुल कीमत लगभग 32 हजार रुपये बताई गई है।

महिला के अनुसार, घटना के दौरान उनके शोर मचाने पर आसपास से गुजर रहे कई राहगीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी जाते-जाते उन्हें धमकी देकर गया कि यदि उन्होंने किसी को घटना के बारे में बताया या केस दर्ज कराया तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा, गोली मार दी जाएगी और घर में आग लगा दी जाएगी।

पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि घायल होने और इलाज में रहने के कारण वह 2 जुलाई 2026 को थाना में आवेदन दे सकीं। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.