Sunday, August 2, 2026
spot_img

Latest Posts

बारिश ने रोकी अमरनाथ यात्रा, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने से नया जत्था रुका

अमरनाथ यात्रा पर बारिश और खराब मौसम का असर पड़ा है। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से शनिवार को श्रद्धालुओं का नया जत्था कश्मीर घाटी के लिए रवाना नहीं किया गया।
जम्मू: बिगड़ते मौसम के चलते एक बार फिर अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा शनिवार को स्थगित कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, 250 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) लगातार दूसरे दिन बंद रहा। इसके चलते जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्रद्धालुओं के नए जत्थे को कश्मीर घाटी के लिए रवाना नहीं किया जा सका।
लधा-समरोली मार्ग पर चल रहा मरम्मत कार्य
अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले के लधा-समरोली इलाके में नेशनल हाईवे को रिपेयर करने का काम चल रहा है। बारिश से पिछले सप्ताह हुए नुकसान की वजह से शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले के गुजरने के बाद NH-44 को दोनों तरफ से ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद हुई बारिश से हालात और बिगड़ गए। सड़क पर कीचड़ जमा होने के साथ ही सतह बेहद फिसलन भरी हो गई है।

रामबन और उधमपुर में बारिश का दौर जारी
उधर, रामबन और उधमपुर जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। लगातार बारिश के चलते हाईवे पर ट्रैफिक बहाली का काम प्रभावित हो रहा है। NH-44 कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख ऑल वेदर रोड है, ऐसे में इसके बंद होने से यात्रा प्रभावित हुई है।

भगवती नगर शिफ्ट किए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर
इस बीच, श्रद्धालुओं की संख्या में कमी को देखते हुए श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (SASB) ने यात्रा रजिस्ट्रेशन और टोकन वितरण काउंटरों को तवी रिवरफ्रंट से भगवती नगर बेस कैंप में ट्रांसफर कर दिया है। तवी रिवरफ्रंट पर श्रद्धालुओं के ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन, टोकन वितरण, ई-केवाईसी वेरिफिकेशन और RFID जारी करने के लिए सेंट्रलाइज्ड सुविधा विकसित की गई थी।

अब तक 4.5 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन
अधिकारियों के मुताबिक 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक करीब 4.5 लाख श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। इस गुफा में प्राकृतिक रूप से बना बर्फ का शिवलिंग श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बता दें कि इससे पहले भी मूसलाधार बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई थी। करीब छह दिन के बाद अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो पाई थी। दरअसल, भारी बारिश की वजह से जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिसके बाद एहतियात के तौर पर यात्रा बंद कर दी गई थी।

28 अगस्त को यात्रा का होगा समापन
अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा। इस दिन रक्षाबंधन का पर्व भी है। फिलहाल श्रद्धालुओं की आवाजाही हाईवे की बहाली और मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.