अमिताभ बच्चन ने KBC पर प्रीति जिंटा से शिकायत की, क्योंकि उन्होंने उनके बर्थडे विश का कोई जवाब नहीं दिया था। साथ ही बिग बी ने सबूत के तौर पर एक स्क्रीनशॉट भी दिखाया।
प्रीति जिंटा और अमिताभ बच्चन की एक मजेदार बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आप देख सकते हैं, जब प्रीति जिंटा एक्टर सनी देओल के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में आईं तो अमिताभ बच्चन ने उनसे मजाक-मजाक में एक शिकायत की। ये दोनों एक्टर्स अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए शो पर आए थे। तभी बॉलीवुड के महानायक ने प्रीति को जन्मदिन की बधाई देने का एक पुराना किस्सा याद किया और कहा कि एक्ट्रेस ने कभी उनके मैसेज का जवाब नहीं दिया।
अमिताभ बच्चन को प्रीति जिंटा से थी एक शिकायत
शो के नए प्रोमो में अमिताभ ने प्रीति से कहा, ‘मुझे आपसे एक बड़ी शिकायत है। मैं हर साल 31 जनवरी को आपके जन्मदिन पर आपको बधाई देता हूं और आपने एक बार भी उसका जवाब नहीं दिया।’ प्रीति ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘नहीं… अमित जी, मैं हमेशा आपको जवाब देती हूं, लेकिन एक हफ्ते बाद।
प्रीति जिंटा ने नहीं दिया था अमिताभ के मैसेज का जवाब
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने सबूत के तौर पर अपना एक पुराना ट्वीट दिखाया, जिसमें उन्होंने प्रीति को उनके जन्मदिन की बधाई दी थी और यह भी बताया था कि वह कभी उनके मैसेज का जवाब नहीं देतीं। ट्वीट में लिखा था, ‘प्रीति जिंटा…!! आप जहां भी हों, क्योंकि आपने मेरे SMS का जवाब देने से मना कर दिया है… हा हा… जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई… ढेर सारा प्यार और खुशियां।’ दोनों स्टार्स के बीच हुई इस मजेदार बातचीत ने दर्शकों को खूब हंसाया।
कई हिट फिल्मों में साथ दिखें अमिताभ-प्रीति
अमिताभ बच्चन और प्रीति जिंटा ने कई फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘मोहब्बतें’, ‘कभी अलविदा ना कहना’ और ‘द लास्ट लियर’ शामिल हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ पर उनके दोबारा साथ आने से फैंस को ऑफ-स्क्रीन उनके अच्छे तालमेल की झलक भी देखने को मिली।
प्रीति जिंटा-सनी देओल कर रहे ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन
प्रीति जिंटा और सनी देओल अपनी आने वाली हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में शामिल हुए। यह फिल्म भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है और देश के इतिहास की सबसे अहम घटनाओं में से एक की मानवीय कीमत को दिखाती है। इस फिल्म को आमिर खान ने प्रोड्यूस किया है। राजकुमार संतोषी की डायरेक्ट की गई फिल्म ‘बटवारा 1947’ सनी देओल और संतोषी की जोड़ी की वापसी है। इससे पहले दोनों ने ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक: लीथल’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।




