मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले ही कुछ जिलों को राहत मिलने वाली है, कुछ क्षेत्रों में गर्मी अभी कम होती नजर नहीं आ रही है। फिलहाल 35 ऐसे जिलें हैं जहां मौसम विभाग ने तेज बारिश, आंधी और तूफान आने की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले ही तेज बारिश के आसारा जताए जा रहे हैं। बीते हफ्ते से ही प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिलीं। कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और आंधी आईं। अभी मानसून को दस्तक देने में एक हफ्ते का वक्त बाकी है, लेकिन मध्य प्रदेश में सामान्य से 65 प्रतिशत ज्यादा जून में बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्य में औसतन आधे इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय के लिए सामान्य बारिश लगभग 8.3 मिमी है। भोपाल, आगर मालवा और शाजापुर में लगभग 2 इंच बारिश हुई है, जबकि नीमच में लगभग 2.5 इंच बारिश दर्ज की गई है।
कब आएगा मानसून?
फिलहाल की स्थिति में मध्य प्रदेश में मौसम मिला-जुला सा है। कुछ इलाकों में तपाने वाली गर्मी का प्रकोप है तो कुछ क्षेत्रों में आंधी-पानी ने दस्तक दे गी है। कहा जा रहा है कि रविवार को महाराष्ट्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून से 18 जून के बीच आ जाएगा। पिछले साल मध्य प्रदेश में 16 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियों के कारण 8 जून यानी सोमवार को नर्मदापुरम, सिवनी और भोपाल समेत लगभग 35 जिलों में आंधी और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार बताए गए हैं। इसके साथ ही तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी ओर ग्वालियर-चंबल का क्षेत्र अभी कुछ दिन और गर्मी की मार झेलेगा, यहां पारा और अधिक बढ़ने वाला है।
कई जिलों में तेज बारिश और आंधी के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, भोपाल, रायसेन, सिहोर, विदिसा, धार, इंदौर, अलीराजपुर, टीकमगढ़, पन्ना, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी समेत कई 35 जिलों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
क्या रहा गर्मी का हाल
संभावना जताई गई है कि ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और चंबल क्षेत्र के कुछ इलाकों में पारा और बढ़ेगा। दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। 9-10 जून को इन इलाकों में हीट वेव यानी लू की संभावना भी है। बीते दिन रविवार को नौगांव में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं सागर में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दतिया में 41.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं खजुराहो और दमोह में 41 के पार रहा। गुना और खंडवा में भी 40 डिग्री के पार तापमान दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबलपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 38.8 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 38 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




