फेमस हरियाणवी लोक गायक पेप्सी शर्मा ने 38 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
हरियाणवी लोक गायक और मशहूर रागनी कलाकार पेप्सी शर्मा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 38 साल की उम्र में उनकी मौत हो गई है। परिवार वालों के मुताबिक हार्ट अटैक के चलते उनकी जान चली गई है। फैमिली ने बताया कि अचानक ही उनके सीने में दर्द उठा और उसके बाद निधन हो गया। तकलीफ होने के बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। यशपाल शर्मा अपने स्टेज नाम ‘पेप्सी शर्मा’ से काफी मशहूर हुए। गाजियाबाद के पटला गांव के रहने वाले पेप्सी शर्मा ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR इलाके में अपने स्टेज परफॉर्मेंस से बहुत लोकप्रियता हासिल की।
राजनीतिक पार्टी ने दी जानकारी
राष्ट्रीय लोक दल ने श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट साझा किया, जिसमें लिखा है, ‘अपनी रागनी के जरिए लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले प्रसिद्ध रागनी गायक पेप्सी शर्मा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। राष्ट्रीय लोक दल परिवार की तरफ़ से विनम्र श्रद्धांजलि एवं उनके परिजनों-प्रशंसकों के प्रति इस मुश्किल घड़ी में संवेदनाएं।’




