Wednesday, September 16, 2026
spot_img

Latest Posts

पत्नी की सर्जरी के लिए नहीं मिली छुट्टी, होली-दिवाली पर भी किया काम- Oracle ने 12 साल से काम कर रहे कर्मचारी को निकाला

पूजा ने कहा कि उनके पति ने होली और दिवाली, बर्थडे और मैरिज एनिवर्सरी जैसे बड़े मौकों पर भी काम किया।
अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल में छंटनी के ताजा दौर ने उन परिवारों की चिंता और अनिश्चितता को भी सामने ला दिया है, जिनके लिए अचानक नौकरी जाना सिर्फ रोजगार खत्म होना नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की योजनाओं पर अनिश्चितता पैदा होना है। ओरेकल में 12 साल तक सेवाएं देने वाले सौरभ साहू की पत्नी पूजा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में छंटनी से उपजी पीड़ा साझा की है।
सौरभ ने होली-दिवाली पर भी किया था काम
पूजा ने कहा कि उनके पति ने होली और दिवाली, बर्थडे और मैरिज एनिवर्सरी जैसे बड़े मौकों पर भी काम किया। पूजा ने बताया कि सौरभ छुट्टियों में भी काम के लिए उपलब्ध रहते थे और पत्नी की सर्जरी के दौरान अस्पताल से भी काम कर रहे थे। इसके बावजूद हालिया छंटनी में उनकी नौकरी चली गई।

ओरेकल से निकाले गए कई कर्मचारियों ने साझा किए अनुभव
पूजा के मुताबिक, उनके पति को नौकरी से हटाए जाने के बारे में उस समय पता चला जब वे अपने सिस्टम में लॉगिन नहीं कर सके। ओरेकल में छंटनी के ताजा दौर के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की कई पोस्ट सामने आई हैं, जिनमें प्रभावित कर्मचारियों, उनके परिवारों और दोस्तों ने अचानक नौकरी जाने के अनुभव साझा किए हैं। कुछ ने नए रोजगार के लिए मदद मांगी है, जबकि कुछ ने सालों का करियर अचानक खत्म हो जाने की निराशा और आगे की अनिश्चितता के बारे में लिखा है।

ओरेकल ने 14 सितंबर से शुरू किया छंटनी का नया दौर
हालांकि, संबंधित व्यक्तियों से तत्काल संपर्क नहीं हो सका और परिवार के सदस्यों तथा दोस्तों द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी। अमेरिकी कंपनी ओरेकल ने 14 सितंबर से छंटनी का नया दौर शुरू किया है। प्रभावित कर्मचारियों की कुल संख्या अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, हालांकि ये हजारों में बताई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों को उसी दिन ईमेल के जरिए बताया गया कि उनका पद समाप्त किया जा रहा है।

एआई और क्लाउड इंफ्रा में भारी निवेश कर रही है कंपनी
ये छंटनी एआई और क्लाउड इंफ्रा में भारी निवेश कर रही कंपनी के व्यापक पुनर्गठन का हिस्सा है। ओरेकल ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से करीब 21,000 यानी 13 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की थी। कंपनी ने पिछले हफ्ते पुनर्गठन कार्यक्रम की अनुमानित लागत 70 करोड़ डॉलर बढ़ाकर करीब 2.8 अरब डॉलर कर दी। इसमें नौकरी में कटौती और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने से जुड़ी लागत शामिल है।

भारत में काम कर रहे कर्मचारियों पर भी पड़ सकता है बुरा असर
छंटनी के ताजा दौर में दुनियाभर में कितने कर्मचारी प्रभावित हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। जानकारों को आशंका है कि इस नए दौर का भारत पर बड़ा असर पड़ सकता है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में इससे हजारों कर्मचारियों के प्रभावित होने का अनुमान लगाया गया है। इस संबंध में टिप्पणी के लिए ओरेकल को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.