केंद्र सरकार ने अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाले वर्षों में शहर से एयरपोर्ट तक का सफर और भी आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में ₹2,169 करोड़ की अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A परियोजना को हरी झंडी दी गई है।
मोदी सरकार ने अहमदाबाद के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। अब शहर से सीधे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक मेट्रो से पहुंचना और भी आसान होने वाला है। केंद्र सरकार की मोदी कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए विस्तार को मंजूरी दे दी है। करीब 2,169 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई मजबूती मिलेगी। खास बात यह है कि यह परियोजना 2030 में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों में भी अहम भूमिका निभाएगी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कोटेश्वर रोड से सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक लगभग 6 किलोमीटर लंबे मेट्रो विस्तार को मंजूरी दी है। इस नए कॉरिडोर के बनने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सड़क यातायात पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
चार एलिवेटेड और एक अंडरग्राउंड स्टेशन
परियोजना के तहत कुल पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें चार स्टेशन एलिवेटेड (ऊंचाई पर) होंगे, जबकि एक स्टेशन भूमिगत बनाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में इस परियोजना को पूरा करने का है।




