उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर तनाव और भारी विरोध का माहौल देखने को मिला। पथराव करने का प्रयास किया गया, जिसे लेकर पुलिस ने 7 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज की है और 15 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने का कार्रवाई को लेकर भारी विरोध देखने को मिला। मस्जिदके एक हिस्से को हटाए जाने को लेकर मुस्लिम पक्ष के भीतर ही अलग-अलग रुख देखने को मिला, जहां एक गुट मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने के विरोध में नजर आया तो वहीं दूसरा इसे हटाने के समर्थन में था। सोमवार को कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर इकट्ठे हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। हालांकि, भारी संख्या में जमा हुए लोगों को पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। स्थिति को देखते हुए इलाके में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अब पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों और पथराव करने वालों पर शिकंजा कसा है।
7 से ज्यादा पर FIR और 15 से ज्यादा गिरफ्तार
पुलिस ने मस्जिद के बाहर हंगामा और पुलिस पर पथराव करने वालों पर शिकंजा कसते हुए 7 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और 15 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें से 5 सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर भी हैं, जिन पर शहर का माहौल बिगाड़ने और दंगों को बढ़ावा देने के आरोप हैं। शहर काजी ने भी एफआईआर दर्ज कराई है। यही नहीं, पुलिस ने 100 से ज्यादा इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद करा दिए हैं और इसे डाउन करने के लिए अथॉरिटिी को पत्र लिखा है।
भड़काऊ वीडियो के चलते भड़का मुस्लिम समाज
5 सोशल मीडिया एकाउंट चलाने वाले इन्फ्लुएंस के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किए हैं। इन इंफ्लूएंसर्स के अकाउंट में AI का इस्तेमाल करते हुए मस्जिद को बुलडोजर और JCB के जरिए ध्वस्त करते दिखाया गया था और इन वीडियोज को 100 से अधिक लोगों ने शेयर किया था। इन्हीं वीडियो के चलते इलाके में और भी ज्यादा तनाव की स्थिति पैदा हो गई। उज्जैन पुलिस की सोशल मीडिया टीम कई दिनों से इन अकाउंट्स की मॉनिटर कर रही थी, जैसे ही पुलिस की नजर में ये भड़काऊ वीडियोज पड़े पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन इंफ्लूएंसर्स के खिलाफ एक्शन लिया।
शहर काजी को धमकाने पहुंचा था मुस्लिम समाज का दूसरा गुट
दूसरी तरफ अमन और शांति कि अपील करने वाले शहर काजी को भी मुस्लिम समाज के एक गुट ने निशाने पर ले लिया और उन्हें धमकाने पहुंच गए। लेकिन, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सभी को खदेड़ लिया और शहर काजी की सुरक्षा में कोई आंच नहीं आने दी। बता दें, उज्जैन शहर में साल 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी योजना के तहत मस्जिद का एक हिस्सा हटाए जाने का कार्य चल रहा है, जिसे लेकर सोमवार को विवाद हो गया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। ऐसे में पुलिस ने आंसू गैस गोले और हल्का बल प्रयोग करते हुए पत्थरबाजों को दूर भगाया।




