Sunday, November 1, 2026
spot_img

Latest Posts

फिर दस्तक देगी बारिश, दिल्ली में आज बूंदाबांदी के आसार, जानें पूरे देश में कैसा रहेगा इस हफ्ते का मौसम

मौसम विभाग ने देशभर के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ समेत कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली की बात करें तो हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। हालांकि आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस, रिज में 21.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर से लेकर यूपी तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। 6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में येलो अलर्ट
इसी तरह उत्तराखंड में 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन की संभावना है। चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं 6 से 8 अक्टूबर के दौरान 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी बारिश की संभावना
मध्य भारत की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश तथा 6 से 9 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक की संभावना है। वहीं विदर्भ में भी 6 और 7 अक्टूबर को बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 और 11 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बिहार-झारखंड में भी हो सकती है बारिश
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी का सिलसिला बना रह सकता है।

दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश
वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 9 अक्टूबर तक आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से बचने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.