फेस्टिव सीजन में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। वाराणसी वंदेभारत समेत 17 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए गए हैं। यह व्यवस्था 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक लागू रहेगी।
फेस्टिव सीजन में अगर आप नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म स्टेटस जरूर चेक कर लें।रेलवे ने स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया है। यह बदलाव 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक लागू रहेगा। इसमें वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक लागू रहेगा बदलाव
त्योहारों के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है। प्लेटफॉर्म में बदलाव करीब एक महीने तक लागू रहेगा। इसके बाद ट्रेनों को उनके पुराने प्लेटफॉर्म पर वापस भेजा जा सकता है।
रोजाना चार लाख यात्री करते हैं सफर
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन 300 से अधिक ट्रेनें आती-जाती हैं और औसतन चार लाख यात्री सफर करते हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ सामान्य दिनों के मुकाबले और बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती है।
निर्माण कार्य के कारण बढ़ा दबाव
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब एक साल से निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते पहाड़गंज की तरफ यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। नतीजतन, अजमेरी गेट की ओर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। स्टेशन के अंदर प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं।




