Friday, October 16, 2026
spot_img

Latest Posts

‘भगवान नहीं, इंसान हैं राम’, ‘रामायण’ के इंटरनेशनल प्रोमो के डायलॉग ने खींचा ध्यान, विदेश में पेश होगा नया नजरिया

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का दूसरा ट्रेलर आज रिलीज होगा। सोनी पिक्चर्स अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान शुरू करेगी। बेंगलुरु में भव्य लॉन्च होगा। यश, साई पल्लवी और रणबीर कपूर समेत कलाकार मौजूद रहेंगे।
रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म के मेकर्स अब इसे दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी कड़ी में 15 अक्टूबर को फिल्म का अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान औपचारिक रूप से शुरू होने जा रहा है। सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल फिल्म का दूसरा ट्रेलर जारी करेगी, जिसके जरिए दुनिया भर के दर्शकों के सामने इस भारतीय महाकाव्य की भव्य दुनिया की नई झलक पेश की जाएगी। खास बात यह है कि ट्रेलर रिलीज से पहले सामने आए एक नए वीडियो में यश के रावण और कुणाल कपूर के इंद्र के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला है। वहीं, भारत में फिल्म के दूसरे ट्रेलर की लॉन्चिंग के लिए बेंगलुरु में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
आज रिलीज होगा ‘रामायण’ का दूसरा ट्रेलर
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर जुलाई में रिलीज किया गया था। इसमें रणबीर कपूर को भगवान राम और साई पल्लवी को माता सीता के रूप में दिखाया गया था। अब फिल्म का दूसरा ट्रेलर दर्शकों के सामने आने वाला है। सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल ने बुधवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक प्रोमो साझा कर इसकी जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्म को ‘रामायण: द राइज ऑफ ए लीजेंड’ नाम से पेश किया जा रहा है। नए प्रोमो में रणबीर कपूर के राम जंगल में एक विशालकाय जीव पर अपने बाणों से प्रहार करते नजर आते हैं। इसमें एक डायलॉग सुनने को मिल रहा है कि राम भगवान नहीं एक इंसान हैं। हालांकि, ट्रेलर रिलीज का सटीक समय अभी घोषित नहीं किया गया है।
यश के रावण से भिड़ेंगे इंद्र, नए वीडियो ने बढ़ाई उत्सुकता
दूसरे ट्रेलर से पहले सामने आए एक विस्तारित टीवी प्रोमो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। इस वीडियो में पहली बार कुणाल कपूर के इंद्र के रूप की झलक दिखाई गई है। वह देवताओं के राजा के वाहन ऐरावत पर सवार नजर आते हैं। इसी दौरान उनका सामना यश के रावण से होता है। वीडियो में रावण अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए ऐरावत को जमीन पर गिरा देता है। इसके बाद उसका संवाद, ‘मेरे सामने हर सिर झुकेगा’, उसके अहंकार और शक्ति को दर्शाता है। प्रोमो में सुनाई देने वाला वॉयसओवर भी कहानी के संघर्ष की ओर इशारा करता है। इसमें बताया जाता है कि जब मनुष्य देवताओं के साथ चलते थे और अंधकार से बुराई का उदय हुआ, तब मानवता की उम्मीद भगवान नहीं, बल्कि एक मनुष्य राम बने। वहीं, रणबीर कपूर की आवाज में राम कहते हैं कि अगर वह रावण को नहीं रोक पाए तो दुनिया का विनाश हो जाएगा। इस संवाद के साथ यह संकेत भी मिलता है कि फिल्म में राम और रावण के बीच संघर्ष का पैमाना काफी विशाल होने वाला है।
बेंगलुरु में होगा ट्रेलर लॉन्च, शामिल होंगे रणबीर और यश
फिल्म के दूसरे ट्रेलर को लेकर भारत में भी भव्य आयोजन की तैयारी है। बेंगलुरु में होने वाले इस कार्यक्रम में फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट और निर्माता-निर्देशक के शामिल होने की उम्मीद है। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा समेत अन्य हस्तियां इस आयोजन का हिस्सा बन सकती हैं। इससे पहले फिल्म का पहला ट्रेलर नई दिल्ली में बड़े कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया था। नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि फिल्म बनाने के पीछे उनका उद्देश्य भारत की महानतम कहानियों में से एक को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना रहा है। उनके मुताबिक, सोनी पिक्चर्स के अंतरराष्ट्रीय अभियान की शुरुआत इस सपने को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भारतीय कहानी और इतिहास को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने पर गर्व जताया। इस संदेश पर नितेश तिवारी और यश के भी हस्ताक्षर हैं। यश इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं और अपने बैनर मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के जरिए इससे जुड़े हुए हैं।

4000 करोड़ रुपये का बजट, दो हिस्सों में रिलीज होगी फिल्म
‘रामायण’ में रणबीर कपूर और यश के अलावा साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, शोभना, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में दिखाई देंगे।

नमित मल्होत्रा ने इससे पहले एक बातचीत में बताया था कि ‘रामायण’ के दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। इतने बड़े पैमाने पर बन रही इस फिल्म से भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की उम्मीद की जा रही है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्माता फिल्म की रिलीज के दिन राष्ट्रपति भवन में राजनीतिक नेताओं के लिए विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने की अनुमति लेने की प्रक्रिया में भी जुटे हैं। अब दर्शकों की नजरें दूसरे ट्रेलर पर टिकी हैं, जिससे फिल्म की कहानी, भव्यता और किरदारों को लेकर कई नए खुलासे होने की उम्मीद है।

 

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.