राजधानी दिल्ली में मौसम को लेकर आईएमडी ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि देर रात हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इन दिनों बारिश की वजह से लोगों को तेज धूप और गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। हालांकि आज दिन में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। राजधानी दिल्ली में आज दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आज देर रात तक दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रात में तेज हवाएं चलने के साथ ही गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को भी कई जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
हल्की बारिश का अनुमान
दरअसल, मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी दिल्ली में रात के दौरान गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। वहीं दिल्ली में आज दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, रिज में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। इसके बाद पालम में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। सफदरजंग और लोदी रोड में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के लिए सामान्य था। इसके अलावा आयानगर में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम था। इसकेअलावा न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 26.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।
तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज रात के दौरान बहुत हल्की बारिश या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली के साथ ही गरज और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
रविवार को कैसा रहेगा मौसम?
इसके अलावा अगले दिन यानी रविवार की बात करें तो मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।




