Saturday, June 27, 2026
spot_img

Latest Posts

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बड़ी खबर, चंपत राय के इस्तीफे की पुष्टि हुई, ट्रस्ट का भी सामने आ गया बयान

राम मंदिर पर चढ़ावा चोरी का मामला देशभर में सुर्खियों में है। ऐसे में चंपत राय ने ट्रस्ट से इस्तीफा दिया है, जिसकी आज पुष्टि भी हो गई है।
अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। ट्रस्ट से चंपत राय के इस्तीफे की पुष्टि हो गई है। कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने ट्रस्ट से चंपत राय के इस्तीफे की पुष्टि की है। बता दें कि ये खबर तो पहले भी आई थी कि चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है लेकिन अब इस खबर की आधिकारिक पुष्टि भी हो गई है।

राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से बयान जारी
इस मामले में राम मंदिर ट्रस्ट का भी बयान सामने आया है। ट्रस्ट ने बताया है कि चंपत राय का इस्तीफा प्राप्त हुआ है। अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा सौंपा है।

ट्रस्ट की ओर से कोषाध्यक्ष, स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने लेटर जारी कर बताया, “श्रीराम मंदिर (अयोध्या) में पिछले कुछ दिनों से सुनी हुई घटनाओं से हम स्तब्ध, आहत एवं अत्यंत दुखी हैं। समस्त रामभक्तों एवं रामसेवकों के प्रतिनिधि के रूप में यहां सेवा करनेवाले हम इसकी न्यायपूर्ण जांच एवं रामभक्तों को आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) के महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा से त्यागपत्र प्राप्त हुआ है। न्यास अपनी आगामी बैठक में इसका विचार करेगा।”

ट्रस्ट ने कहा, “न्यास उन श्रद्धालु भक्तों को आश्वस्त करता है जिन्होंने चांदी की इंटें, आभूषण आदि प्रभु श्रीराम की सेवा में अर्पण हेतु न्यास के अधिकारियों को व्यक्तिश: सौंपी हैं, वे वस्तुएं सुरक्षित हिसाब सहित उपलब्ध हैं।”
ट्रस्ट ने कहा, “मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि की घटना के संबंध में न्यास के निवेदन पर उ.प्र.शासन द्वारा गठित S.I.T. से प्राप्त अंतरिम प्रतिवेदन के आधार पर न्यास ने F.I.R. की प्रविष्टि की है और उसपर वैधानिक कार्यवाही जारी है।”

ट्रस्ट ने कहा, “हम सभी को विश्वास दिलाते हैं कि भविष्य में कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति न बने ऐसा सुनिश्चित करेंगे। अपराधियों को वैधानिक यथायोग्य कड़ा दण्ड मिले, इसके आग्रही रहेंगे। असामाजिक, अधार्मिक, स्वार्थी तत्वों द्वारा सनातन धर्म पर, लांछन लगाने के प्रयास सफल नहीं होने देंगे। कृपया प्रसारित भ्रामक एवं निराधार अफवाहों से स्वयं बचें तथा अन्य लोगों को भी इसका शिकार न होने दें। हमें विश्वास है कि ये बादल छटेंगे, अंधेरा हटेगा, सत्य-सूर्य का प्रकाश होगा तथा श्रीरामभक्ति की प्रबल धारा अखंड बहती रहेगी। जय श्रीराम !”

11 जुलाई को होगी ट्रस्ट की अगली बैठक
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा का इस्तीफा सामने आने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उडुपी पीठाधीश्वर विश्व तीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि 11 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक होगी। प्रत्येक 3 महीने में बैठक होती है। बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा और जांच की जाएगी। जिन लोगों ने अपराध किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

11 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट का नया महासचिव तय होता सकता है और डॉक्टर अनिल मिश्रा की जगह पर कोई अन्य सदस्य लाया जा सकता है। 11 जुलाई को होने वाली बैठक बेहद अहम होगी। 11 जुलाई की बैठक में राम मंदिर परिसर में सीईओ की भी नियुक्ति हो सकती है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.