Tuesday, October 27, 2026
spot_img

Latest Posts

तमिलनाडु में शराब खरीदने के नियम बदले, 1 नवंबर से 1,000 रुपये से ज्यादा की खरीद पर डिजिटल पेमेंट अनिवार्य

तमिलनाडु में एक नवंबर से शराब की खुदरा दुकानों पर 1,000 रुपये से अधिक की खरीद के लिए डिजिटल भुगतान अनिवार्य हो जाएगा। 1,000 रुपये तक की खरीदारी के लिए नकद और डिजिटल, दोनों विकल्प उपलब्ध रहेगा।
चेन्नई: तमिलनाडु में शराब खरीदने वालों के लिए अब नया नियम लागू होने जा रहा है। तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टासमैक) ने खुदरा दुकानों पर 1,000 रुपये से अधिक की शराब खरीद के लिए डिजिटल भुगतान अनिवार्य कर दिया है। यह नया नियम एक नवंबर से लागू होगा। इसके तहत ग्राहक यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, 1,000 रुपये तक की खरीदारी के लिए नकद और डिजिटल, दोनों माध्यमों से भुगतान का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
टासमैक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक आधिकारिक परिपत्र का हवाला देते हुए मंगलवार को बताया कि राज्य में फिलहाल शराब की 4,048 खुदरा दुकानें संचालित हैं। अधिकारी ने कहा कि यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा पहले से उपलब्ध है, लेकिन अधिकांश लेनदेन अब भी नकद में होते हैं।

ओवरचार्जिंग पर लगेगी लगाम
उन्होंने कहा, “रोजाना बड़ी मात्रा में कैश संभालने से दुकानों के कर्मचारियों को कई तरह की परिचालन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें कैश ले जाने के दौरान सुरक्षा जोखिम, हिसाब-किताब में अंतर और जाली नोटों का खतरा शामिल है।” अधिकारी ने कहा कि राज्य प्रशासन को अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से ज्यादा कीमत वसूलने की शिकायतें बार-बार मिली हैं। अधिकारी ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू होने से प्रत्येक लेनदेन का समय और राशि दर्ज होगी, जिससे अधिक कीमत वसूलने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

निजी क्यूआर कोड से भुगतान लेने पर रोक
उन्होंने कहा कि साथ ही, बिक्री की रकम सीधे आधिकारिक बैंक खातों में जमा होगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान की अनिवार्यता चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक नवंबर से 1,000 रुपये से अधिक की किसी भी एक खरीद के लिए भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल माध्यमों से करना होगा। अधिकारी ने कहा, “इस सीमा तक की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के पास नकद या डिजिटल माध्यम से भुगतान करने का विकल्प रहेगा। व्यवस्था पर कड़ा नियंत्रण रखने के लिए टासमैक ने कर्मचारियों को निजी क्यूआर कोड या व्यक्तिगत बैंक खातों के जरिए भुगतान लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है।”

नियम का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
उन्होंने कहा कि नए नियम का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, दुकानों के पर्यवेक्षकों को प्रत्येक खरीद पर कागजी बिल जारी करने और आधिकारिक बिक्री केंद्र (पीओएस) मशीन पर लेनदेन की पुष्टि करने के बाद ही शराब की बोतलें ग्राहकों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमों की जानकारी देने के लिए सभी दुकानों पर दो गुणा तीन फुट के सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रबंधकों को पीओएस मशीन की जांच करने, नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और नई व्यवस्था के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए साप्ताहिक समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.