नई दिल्ली/इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली एक छात्रा के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है। कई दिनों से बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार का आरोप है कि दिल्ली पुलिस से लगातार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न तो कोई मदद मिली और न ही मामले को गंभीरता से लिया गया।
जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी कुमारी ऐश्वनी डावर दिल्ली के इन्द्रप्रस्थ गर्ल्स कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह अब घर वापस लौटना चाहती हैं और परिवार का कोई सदस्य उन्हें लेने दिल्ली पहुंच जाए। छात्रा ने यह भी बताया था कि वह दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में पीजी गर्ल्स हॉस्टल पर रह रही है, लेकिन उसने अपने रहने का पूरा पता परिवार को नहीं बताया था।
परिजनों के मुताबिक 4 जून 2026 को बेटी से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है और उससे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। अचानक संपर्क टूट जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब परिजनों ने छात्रा के बैंक खाते की जानकारी खंगाली। परिवार का दावा है कि 4 जून को ऐश्वनी के खाते से हजारों रुपये एक साथ मानसी नाम की एक महिला के खाते में ट्रांसफर किए गए। इस लेनदेन के बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी।
बेटी की तलाश में परेशान परिवार दिल्ली पहुंचा और मुखर्जी नगर थाने में शिकायत देकर छात्रा की खोजबीन तथा मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और मोबाइल लोकेशन निकालने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कॉल डिटेल संबंधी जानकारी देने से भी मना कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पूरे दिन थाने में बैठे रहे, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और यहां तक कह दिया कि वे अपने राज्य वापस लौट जाएं।
परिजनों ने बताया कि रात में उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई ठोस सहायता नहीं मिली और केवल स्थानीय थाने से संपर्क करने की सलाह दी गई।
बेटी के अचानक लापता होने से उसकी मां गहरे मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनकी बच्ची मासूम है और कई दिनों से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। मां ने प्रशासन से अपील करते हुए छात्रा के मोबाइल नंबर 9315308921 की तकनीकी जांच कर जल्द से जल्द उसकी लोकेशन पता लगाने और उसे सुरक्षित खोजने की मांग की है।
परिवार ने दिल्ली पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बैंक ट्रांजैक्शन की जांच करने और छात्रा की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप दिल्ली पुलिस पर लगाए गए हैं। छात्रा की मां का कहना है कि मदद की उम्मीद लेकर थाने पहुंचने के बावजूद उनकी फरियाद नहीं सुनी गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
फिलहाल कई दिनों से लापता छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। ऐसे में परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और वे अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की आस लगाए हुए हैं।




