Tuesday, July 28, 2026
spot_img

Latest Posts

डिंडौरी में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, पत्थर को सिर से कुचलकर फरार हुआ आरोपी, चंद घंटे में गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, रविवार आठ बजे के करीब पिपरिया गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। जांच में मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई। इस पूरे मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के समनापुर थाना क्षेत्र में हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी घने जंगल में छिप गया था, लेकिन पुलिस की विशेष टीम ने चार से पांच घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर उसकी घेराबंदी की और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है। मामला समनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया का है। पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में की।
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ था विवाद
पुलिस जांच में मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय गांव के सुकल सिंह मरावी का उनके पति से विवाद हुआ था। विवाद में दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन उस वक्त मामला शांत हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी सुकल सिंह मरावी ने तालाब के पास कमल सिंह मरावी को पकड़ लिया और फिर पत्थर से सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया। इस पूरी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

कुछ ही घंटों में पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर घने जंगल में सघन सर्च अभियान शुरू किया। करीब चार से पांच घंटे तक चले तलाशी अभियान और प्रभावी घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेजा गया आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में एसडीओपी बजाग विवेक कुमार, थाना प्रभारी समनापुर हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, चौकी प्रभारी संतोष यादव सहित समनापुर पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हत्या की वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी डिंडौरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विवेचना में जुटी हुई है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.