Monday, June 22, 2026
spot_img

Latest Posts

दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और अश्लील हरकतों का आरोप, महीनों से दहशत में जी रहा परिवार; कार्रवाई नहीं होने पर डीएसपी से लगाई न्याय की गुहार

पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले के समाना क्षेत्र से एक परिवार के साथ लगातार कथित मारपीट, अभद्रता, दुकान में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकियों का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कई महीनों से कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब परिवार ने डीएसपी समाना को शिकायत देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता लखबीर खान पुत्र बलिया खान, निवासी गांव भानरा, हाल निवासी गांव डरोली, तहसील एवं जिला पटियाला ने आरोप लगाया है कि गांव डरोली निवासी मिश्रा और उसका पुत्र एकम लंबे समय से उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी गांव डरोली में दुकान और मकान है, जहां वह अपनी पत्नी के साथ कई वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा है। आरोप है कि दोनों पिता-पुत्र आए दिन दुकान पर पहुंचकर विवाद करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और दुकान बंद करवाने की धमकियां देते हैं।

पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी मिश्रा उसकी पत्नी पर अश्लील टिप्पणियां करता था और गलत इशारे कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इस संबंध में पहले भी थाना सदर समाना में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आरोपियों का मनोबल और बढ़ गया तथा वे लगातार परिवार को परेशान करते रहे।

शिकायत के अनुसार, 27 मई की शाम मिश्रा कथित रूप से दुकान पर पहुंचा और शिकायतकर्ता तथा उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि उसने दुकान और घर उजाड़ देने की धमकी दी तथा जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद रात में उसका पुत्र एकम भी दुकान पर पहुंचा और कथित रूप से दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित का दावा है कि घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और पूरी घटना की वीडियो भी उनके पास मौजूद है। साथ ही उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दी गईं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई, वे लगातार भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं और किसी भी समय बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जाए।

#PunjabNews #PatialaNews #Samana #BreakingNews #CrimeNews #JusticeForFamily #ShopAttack #HarassmentCase #WomenSafety #PoliceAction #KanchanReport #HindiNews #GroundReport #PublicVoice #LatestNews #ThreatCase #LegalAction #MediaReport #JusticeDelayed #PunjabPolice

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.