Thursday, August 27, 2026
spot_img

Latest Posts

क्रिकेटर आसिफ खान पर लगा 15 महीने का बैन, ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन करने पर ICC की बड़ी कार्रवाई

ICC ने बड़ा एक्शन लेते हुए संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के क्रिकेटर आसिफ खान पर बैन लगा दिया है। ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन करने के चलते आसिफ खान पर ये बड़ी कार्रवाई हुई है।
क्रिकेट की दुनिया में डोपिंग से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के अनुभवी बल्लेबाज आसिफ खान को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद 15 महीने के लिए क्रिकेट से बैन कर दिया गया है। ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन स्वीकार करने के बाद आसिफ ने वर्ल्ड डोपिंग रोधी एजेंसी यानी WADA और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के साथ केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत इस सजा को स्वीकार कर लिया।
7 दिसंबर तक जारी रहेगा बैन
36 साल के आसिफ खान के सैंपल में मेस्टेरोलोन का मेटाबोलाइट पाया गया था। उनका आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन टेस्ट 8 सितंबर 2025 को लिया गया था, जिसमें प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि हुई। इसके बाद आसिफ ने ICC एंटी-डोपिंग कोड के अनुच्छेद 2.1 के उल्लंघन को स्वीकार कर लिया। आसिफ पर लगाया गया 15 महीने का बैन 8 सितंबर 2025 से प्रभावी माना गया है और यह 7 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। हालांकि, वह 8 अक्टूबर 2026 से किसी टीम के साथ ट्रेनिंग कर सकेंगे और क्लब या अन्य ICC सदस्य संगठनों की सुविधाओं का इस्तेमाल भी कर पाएंगे। प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी 8 दिसंबर 2026 से ही संभव होगी।

फैसले के खिलाफ नहीं कर पाएंगे अपील
ICC के नियमों के अनुसार, 8 सितंबर 2025 से लेकर 29 दिसंबर 2025 को उनके अस्थायी बैन शुरू होने तक के आसिफ के व्यक्तिगत नतीजों को भी रद्द कर दिया गया है। इसके चलते इस अवधि के दौरान मिले किसी भी मेडल, पॉइंट, पुरस्कार राशि या अन्य पुरस्कार पर उनका दावा समाप्त हो जाएगा। केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत इस फैसले के खिलाफ अपील का कोई अधिकार नहीं है।

गौरतलब है कि आसिफ खान ने 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और इसके बाद से वह UAE के लिए 38 ODI और 56 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उनके निलंबन से UAE क्रिकेट को झटका लगा है, क्योंकि वह टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। अब आसिफ की नजर सजा पूरी होने के बाद मैदान पर वापसी करने पर होगी, लेकिन तब तक UAE की टीम को उनके बिना ही अपनी आगे की योजनाएं बनानी होंगी। हाल ही में ICC ने एक खिलाड़ी पर 8 साल का बैन लगाया था।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.