वुमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दो धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद, भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अपने तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका के हाथों 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस एक हार के बाद अब टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल का रास्ता थोड़ा कठिन हो गया है और अब ‘अगर-मगर’ के समीकरण बनने लगे हैं। लेकिन, क्रिकेट के इतिहास और आंकड़ों पर नजर डालें तो वहां कहानी कुछ और ही है। अफ्रीकी टीम के खिलाफ मिले इस हार को वर्ल्ड कप जीतने का शगुन माना जा रहा है।
2025 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका से मिली थी पहली हार
साल 2025 के महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का सफर कुछ ऐसा ही रहा था। उस टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन कर रही इंडियन टीम को अपनी पहली हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही मिली थी। लेकिन उस हार के बाद टीम इंडिया ने जो वापसी की, उसने इतिहास रच दिया। भारतीय महिला टीम ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए पहली बार वनडे वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। उन्होंने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भी साउथ अफ्रीका से हारा था भारत
मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भी यही स्क्रिप्ट दोहराई गई। इस आईसीसी (ICC) टूर्नामेंट में भी अजेय चल रही भारत की मेंस क्रिकेट टीम को अपनी पहली हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली थी। उस हार के बाद इंडियन क्रिकेट टीम के फैंस थोड़े निराश जरूर हुए थे, लेकिन उसके बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में ऐसी धाक जमाई कि अंत में चमचमाती ट्रॉफी उठाकर ही दम लिया। फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराया था।
क्या हरमनप्रीत कौर दोहराएंगी इतिहास?
महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भी बिल्कुल ऐसा ही संयोग बनता नजर आ रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली यह शिकस्त इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की पहली हार है। इतिहास के पुराने आंकड़े बताते हैं कि वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका से मिलने वाली पहली हार भारतीय क्रिकेट के लिए हमेशा लकी चार्म साबित हुई है। इसी वजह से क्रिकेट फैंस को पूरी उम्मीद है कि इतिहास एक बार फिर खुद को दोहराएगा और कप्तान हरमनप्रीत कौर इस बार टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने हाथों में उठाएंगी।




