भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच का आज दूसरा दिन है। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत क्रीज पर डटे हुए हैं।
भारत और अफगानिस्तान का एकमात्र टेस्ट मैच में आमना-सामना हो रहा है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। दूसरे दिन लंच तक टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 475 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए हैं। वाशिंगटन सुंदर और मानव सुथार क्रीज पर मौजूद हैं।
इस मुकाबले का 6 जून को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आगाज हुआ। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार आगाज किया। पहले ही दिन टीम इंडिया के 2 बल्लेबाजों ने शतक ठोकने का कारनामा किया। केएल राहुल ने 100 रन की पारी खेली जबकि कप्तान शुभमन गिल शतक बनाकर नाबाद हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर 85 ओवर में 368 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। शुभमन गिल 103 जबकि ऋषभ पंत अर्धशतक बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान की ओर से पहले दिन मोहम्मद सलीम सफी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट चटकाए। वहीं, जियाउर रहमान शरीफी को एक सफलता मिली।
टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह टीम इंडिया के नाम रहा। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को छोड़कर टॉप आर्डर में मौजूद सभी भारतीय बल्लेबाजों ने बल्ले से कमाल किया। जायसवाल सिर्फ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद साई सुदर्शन ने केएल राहुल के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और टीम इंडिया का स्कोर 180 रन तक पहुंचाया। साई सुदर्शन ने 81 रनों की पारी खेली। उन्होंने IPL 2026 के शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए अपनी पारी में 13 चौके जड़े। सुदर्शन के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला और टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाया। केएल 61वें ओवर में अपना शतक पूरा करने के बाद आउट हुए। उन्हें जियाउर रहमान शरीफी ने अपना शिकार बनाया। 3 विकेट गिरने के बाद पंत कप्तान गिल का साथ देने के लिए क्रीज पर आए और शतकीय साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को 350 रन के पार पहुंचा दिया।




