Thursday, August 6, 2026
spot_img

Latest Posts

गोण्डा में किरायेदार के कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये समेत जेवर चोरी का आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का दावा, धमकी और अभद्र वीडियो भेजने का भी आरोप; पीड़िता ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार

गोण्डा। गोण्डा जिले से चोरी, कथित पुलिस निष्क्रियता और धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली ममता शर्मा ने उप महानिरीक्षक (डीआईजी) देवीपाटन मंडल को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके किराये के कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। उनका कहना है कि स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बावजूद अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही आरोपितों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।

पीड़िता ममता शर्मा के अनुसार वह कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के गरीबीपुरवा स्थित एक मकान में किराये पर रहती थीं। मकान की मालकिन ममता नाम की महिला है। कुछ समय बाद उसी मकान में उर्मिला यादव नाम की महिला भी किराये पर रहने लगी, जिसके कारण उसका घर में नियमित आना-जाना था।

शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे ममता शर्मा अपने पैतृक गांव सेमरा दम्मन चली गई थीं। उनका कहना है कि वह कमरे में सारा सामान सुरक्षित रखकर ताला बंद करके गई थीं। आरोप है कि उसी रात करीब एक बजे उर्मिला यादव ने अपने साथी प्रदीप कुमार के साथ मिलकर कमरे का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

पीड़िता के मुताबिक, अगले दिन 24 जुलाई की सुबह मकान मालकिन ने उन्हें फोन कर कमरे का ताला टूटने और चोरी की जानकारी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद उर्मिला यादव को मकान से निकाल दिया गया। उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसी कारण पीड़िता ने मकान मालकिन की भूमिका पर भी संदेह जताया है।

ममता शर्मा का कहना है कि उन्होंने 24 जुलाई को ही सोनी गुमटी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच भी की, लेकिन उसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने डायल-112 पर भी सूचना दी, फिर भी न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही आरोपितों के खिलाफ कोई कानूनी कदम उठाया गया।

पीड़िता का दावा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास उपलब्ध है, जिसे वह महत्वपूर्ण साक्ष्य बता रही हैं। उनका कहना है कि यदि फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।

पीड़िता ने धमकी और अभद्र वीडियो भेजने का भी लगाया आरोप

ममता शर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि चोरी की घटना के बाद उर्मिला यादव और उसके कथित साथी प्रदीप कुमार लगातार उन्हें फोन कर गाली-गलौज करते हैं, अभद्र और आपत्तिजनक वीडियो भेजते हैं तथा जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपित कहते हैं कि “तुम लोग हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे”, जिससे वह और उनका परिवार भय और तनाव में है।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 9519863711 नंबर उर्मिला यादव द्वारा तथा 7050623033 नंबर संदीप कुमार द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। उनका आरोप है कि इन्हीं नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं।

स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए ममता शर्मा ने उप महानिरीक्षक, देवीपाटन मंडल से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने, चोरी गए रुपये व जेवर बरामद कराने, धमकी और अभद्र संदेशों की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.