देश की सबसे अमीर महानगरपालिका कही जाने वाली बीएमसी के मुख्यालय को एक बार फिर बम विस्फोट की धमकी मिली है। शुक्रवार सुबह 11 बजकर 31 मिनट पर जॉन स्मिथ नाम की ईमेल आईडी से बीएमसी मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय को धमकी भरा मेल भेजा गया।
मुंबई में बम धमाके की धमकी से सुरक्षा एजेंसियों में चिंता बढ़ गई है। सामने आए एक ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे और एक स्कूल में दोपहर 1:11 बजे धमाके की धमकी दी गई है। ईमेल शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:31 बजे भेजा गया बताया गया है। इसे स्मिथ जॉनसन नाम के व्यक्ति की ईमेल आईडी से भेजा गया और मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े, नगरसेविका रितु तावड़े और नगरसेवक संजय शंकर घाड़ी को भेजा गया है।
इसके अलावा, ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच मुंबई के अलग-अलग स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों को निशाना बनाने की भी बात कही गई है। ईमेल में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिखने के साथ लोगों को अपने बच्चों को बचाने की चेतावनी दी गई है। इसमें 31 अक्टूबर से 27 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
अमिताभ बच्चन के घर और दलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी
ईमेल में 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई है। इसमें 1984 के सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए ‘खून का बदला खून’ का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में पंजाबी गायक और अभिनेता दलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में रेसकोर्स में बम धमाके और दलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात भी लिखी गई है। ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम लेते हुए कुछ व्यक्तियों के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, ईमेल में किए गए दावों और धमकी की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बीएमसी ने दर्ज कराई शिकायत
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बीएमसी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई और पुलिस की डॉग स्क्वॉड तथा बम स्क्वॉड की टीमें बीएमसी मुख्यालय पहुंचीं। यहां बीएमसी हॉल, सभागृह, मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालयों के साथ-साथ अलग-अलग कमेटियों के चैंबर की गहन तलाशी ली जा रही है।
पुलिस इस मामले में कोई कोताही नहीं बरतना चाहती। मुंबई पुलिस और साइबर सेल ईमेल की जांच करेंगे। यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि ईमेल किसने भेजा, इसके पीछे कौन है और धमकी कितनी गंभीर है। ईमेल की सत्यता की भी जांच की जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, बीएमसी मुख्यालय में पुलिस और सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग कमरों में तलाशी अभियान चला रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की जानकारी सामने आएगी। बीएमसी मुख्यालय में मुंबई पुलिस और बीएमसी सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग कमरों में जाकर जांच कर रही हैं। मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय सहित विभिन्न चैंबरों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस की टीमें हर जगह की बारीकी से जांच कर रही हैं।




