एशिया कप का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा सकता है। लेकिन इसका आखिरी फैसला आज होगा, जब दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका मैच का रिजल्ट आ जाएगा।
एशिया कप 2026 फाइनल का मंच भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए करीब करीब तैयार हो गया है। इस बात की पूरी संभावना नजर आ रही है कि दोनों टीमें फाइनल में एक दूसरे से भिड़ेंगी, लेकिन एक रोड़ा अभी बाकी है। आज उसको लेकर भी तस्वीर साफ हो जाएगी। अब खिताब जीतने की रेस में तीन टीमें बाकी हैं, इसमें एक और टीम देर शाम तक कम हो जाएगी। चलिए आपको बताते हैं कि पूरे समीकरण क्या बन रहे हैं।
भारत ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में अपनी जगह कर ली है पक्की
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को धूल चटाते हुए एशिया कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम इंडिया ने अब तक छह एशिया के फाइनल में अपनी जगह बनाई है, इससे पहले जो पांच फाइनल हुए हैं, उसमें से भारत ने तीन बार खिताब जीता है और दो बार रनरअप रही है। भारत ने साल 2012, 2016 और 2022 में ट्रॉफी जीती है, वहीं साल 2018 और 2024 में इससे चूक गई थी। अब उम्मीद की जानी चाहिए चौथी बार भारतीय टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
आज दूसरे सेमीफाइनल में होगा पाकिस्तान का श्रीलंका से मुकाबला
इस बीच पाकिस्तान टीम की बात करें तो उसे लीग फेज में भारत से करारी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद भी टीम सेमीफाइनल में है। बांग्लादेश का तो खेल खत्म हो चुका है। अब आज दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाएगा। जो भी टीम आज जीतेगी फाइनल में उसका मुकाबला भारत से होगा। अगर आज का मैच पाकिस्तानी टीम जीतती है तो भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल होगा। लेकिन अगर श्रीलंका ने आज जीत दर्ज कर ली तो फिर पाकिस्तान का खेल खत्म हो जाएगा और भारत का मैच श्रीलंका से खेला जाएगा। यानी भारत बनाम पाकिस्तान मैच में केवल एक ही रोड़ा है और वो श्रीलंका है। आज भले ही टीम इंडिया मैदान पर नहीं होगी, लेकिन इस मैच पर सभी की नजर रहेगी।
टीम इंडिया एक और एशिया कप जीतने के बेहद करीब
भारतीय टीम इस वक्त गजब का खेल दिखा रही है और एशिया कप के इस सीजन में टीम ने सभी मैच करीब करीब एकतरफा अंदाज में जीते हैं। ऐसे में उम्मीद है कि चाहे कोई भी टीम सामने आए, टीम इंडिया एक और खिताब जीतने के बेहद करीब है, उसे बस एक और जीत की दरकार है। देखना होगा कि भारत की टक्कर किससे होगी और फिर टीम इंडिया कैसा खेल दिखाती है।




