मुंबई से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए आने वाले समय में हवाई सफर का अनुभव बदल सकता है। मुंबई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने समर शेड्यूल 2027 के लिए 50 में से केवल 38 विदेशी एयरलाइंस को स्लॉट आवंटित किए हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। मार्च 2027 से शुरू होने वाले समर शेड्यूल के लिए एयरपोर्ट ऑपरेटर ने 12 विदेशी एयरलाइंस को स्लॉट आवंटित नहीं किए हैं। इसका मतलब है कि इन एयरलाइंस की कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मुंबई एयरपोर्ट के बजाय नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से संचालित किया जा सकता है। इस फैसले को लेकर विदेशी एयरलाइंस के बीच विरोध भी सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने मार्च 2027 से लागू होने वाले समर शेड्यूल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। कुल 50 विदेशी एयरलाइंस में से 38 को मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन के लिए स्लॉट दिए गए हैं। वहीं, बाकी 12 एयरलाइंस को अगले समर शेड्यूल के लिए स्लॉट नहीं मिले हैं। ये एयरलाइंस रोजाना करीब 16 उड़ानें संचालित करती हैं, जो 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए आती-जाती हैं। सूत्रों का कहना है कि इन प्रभावित उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से संचालित किया जा सकता है।
यात्रियों पर कितना पड़ेगा असर?
एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस बदलाव से मुंबई एयरपोर्ट की मौजूदा ट्रैफिक क्षमता का करीब 91 फीसदी हिस्सा प्रभावित नहीं होगा। यानी ज्यादातर उड़ानों का संचालन पहले की तरह जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि, जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित एयरलाइंस से जुड़ी हैं, उन्हें अपने टिकट और एयरलाइन की ओर से जारी अपडेट पर नजर रखनी होगी।
टर्मिनल-1 के रेनोवेशन की वजह से फैसला
दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का अगले साल की शुरुआत से रेनोवेशन किया जाना है। इसी वजह से एयरपोर्ट ऑपरेटर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के एक हिस्से को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करना चाहता है। पहले यह बदलाव 25 अक्टूबर से लागू करने की योजना थी, लेकिन विदेशी एयरलाइंस की आपत्तियों के बाद इसकी तारीख बढ़ाकर मार्च 2027 कर दी गई।
एयरलाइंस की समिति ने उठाए सवाल
इस फैसले को लेकर एयरपोर्ट ऑपरेटर्स कमेटी (AOC) से जुड़े सूत्रों ने आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि MIAL ने स्लॉट आवंटन का फैसला एकतरफा लिया है और नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) तथा इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के स्लॉट संबंधी दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया है। हालांकि, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
घरेलू एयरलाइंस भी नवी मुंबई की ओर बढ़ेंगी
मुंबई और नवी मुंबई दोनों एयरपोर्ट अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के अंतर्गत आते हैं। इस बीच एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर ने भी AAHL के साथ मिलकर अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की घोषणा की है।




