Thursday, November 12, 2026
spot_img

Latest Posts

विवादों में कांग्रेस की ‘भारत समिट’, BJP ने कहा- ‘भारत-विरोधी शिखर सम्मेलन’, नॉर्वे की पत्रकार का आरोप- ‘रद्द हुआ मेरा वीजा’

हैदराबाद में कांग्रेस की तरफ से आयोजित किया जा रहा ‘भारत समिट’ विवादों में घिरता दिखाई दे रहा है। जहां बीजेपी ने इसे भारत विरोधी समिट बताया है, जबकि नॉर्वे की पत्रकार ने आखिरी मौके पर उनका वीजा रद्द करने का दावा किया है।
तेलंगाना के हैदराबाद में कांग्रेस समर्थित ‘भारत समिट’ का दूसरा संस्करण, शुरू होने से पहले ही राजनीतिक विवादों में घिर गया है। नॉर्वे की एक पत्रकार ने आरोप लगाया है कि उनका भारतीय वीजा आखिरी मौके पर रद्द कर दिया गया, वहीं BJP ने आयोजकों पर भारत-विरोधी ताकतों को मंच देने का आरोप लगाया है। ओस्लो के अखबार Dagsavisen की रिपोर्टर और नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग ने बताया कि उन्हें इस समिट में मीडिया के भविष्य और प्रेस की स्वतंत्रता पर एक पैनलिस्ट और वक्ता के तौर पर शामिल होने के लिए भारतीय वीजा और राजनीतिक मंजूरी मिल गई थी। हालांकि, 11 नवंबर को ‘X’ पर किए गए एक पोस्ट में, उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा से ठीक पहले भारतीय दूतावास ने उन्हें सूचित किया कि गृह मंत्रालय के आदेश पर उनका वीजा रद्द कर दिया गया है।
PM मोदी से सवाल पूछने को लेकर चर्चा में आई थीं हेले

इससे पहले, ओस्लो में नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ एक संयुक्त मीडिया बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछने के बाद हेले लिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई थीं। ‘भारत समिट 2.0’ का विषय ‘एक नई दुनिया का निर्माण’ (Forging a New World) है। यह समिट 13-14 नवंबर को आयोजित होने वाला है, जबकि तेलंगाना से जुड़े सत्र और कार्यक्रम 12-14 नवंबर तक चलेंगे।

समिट में 70 देशों से करीब 1 हजार प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय सत्र हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में होंगे, जबकि तेलंगाना पर केंद्रित चर्चाएं HITEX में आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार और ‘समृद्ध भारत फाउंडेशन’ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस समिट में लगभग 70 देशों से करीब 1,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें नीति-निर्माता, प्रगतिशील राजनीतिक नेता, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी और नागरिक समाज के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

दिग्गज कांग्रेस नेता समिट में करेंगे शिरकत

इस पहल से जुड़े कांग्रेस नेताओं में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू और AICC महासचिव गुरदीप सिंह सप्पल शामिल हैं। गुरदीप सिंह सप्पल इस फाउंडेशन की आयोजन टीम से भी जुड़े हुए हैं। इसमें शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, सलमान खुर्शीद, शशि थरूर, सैम पित्रोदा, सुप्रिया श्रीनेत और डी. श्रीधर बाबू शामिल हैं। इनके अलावा, इसमें अंतरराष्ट्रीय मंत्री, सांसद, विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख और विचारक भी हिस्सा लेंगे।

समिट में आवर वर्ल्ड इंस्टीट्यूट की भी होगी शुरुआत

इस कार्यक्रम के दौरान ‘आवर वर्ल्ड इंस्टीट्यूट’ (Our World Institute) की भी शुरुआत की जाएगी, जिसे प्रगतिशील विचारों और वैश्विक सहयोग के लिए एक मंच के रूप में तैयार किया गया है। इस शिखर सम्मेलन के एजेंडे में लोकतंत्र, वैश्विक भू-राजनीति, जलवायु परिवर्तन, मीडिया की स्वतंत्रता, चुनावी निष्पक्षता, आर्थिक और सामाजिक न्याय, सहकारी संघवाद और बदलती अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था जैसे विषय शामिल हैं। आयोजकों ने हैदराबाद में ‘आवर वर्ल्ड’ (Our World) नाम से एक वैश्विक थिंक टैंक स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा है।

BJP ने समिट को बताया भारत-विरोधी शिखर सम्मेलन

हालांकि, भाजपा ने इस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने इस आयोजन को ‘भारत-विरोधी शिखर सम्मेलन’ (Anti-Bharat Summit) करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, ‘प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल’ और ‘प्रोग्रेसिव अलायंस’ के बैनर तले ऐसे विदेशी संगठनों और लोगों को एक साथ ला रही है, जो भारत के हितों के खिलाफ हैं।

राहुल गांधी को भविष्य के PM के तौर पर दिखाना है मकसद

राव ने इन नेटवर्कों का संबंध अरबपति जॉर्ज सोरोस से होने का दावा किया और कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे तथा सोनिया गांधी पर इन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ जुड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस शिखर सम्मेलन का असली मकसद अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से फिर से पेश करना और उन्हें भविष्य के प्रधानमंत्री के तौर पर दिखाना है।

समिट को अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में पेश कर रही कांग्रेस

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि इसी तरह के नेटवर्कों ने नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, फ्रांस और स्पेन जैसे देशों में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने में भूमिका निभाई है। वहीं, कांग्रेस ने इस शिखर सम्मेलन को लोकतांत्रिक मूल्यों, समावेशी विकास और सहयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में पेश किया है। इससे पहले हाल में तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ने विवादास्पद बयान देते हुए कहा था कि शिव गरीबों के भगवान हैं और राम अमीरों के।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.