Tuesday, November 10, 2026
spot_img

Latest Posts

अकुरी में विकास कार्यों पर उठे गंभीर सवाल, पुल निर्माण से लेकर छात्रावास तक की मांग अधर में; स्कूल प्राचार्य पर भ्रष्टाचार के आरोप, निलंबन की मांग

शहडोल।जिले के गोहपारू जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत अकुरी में विकास कार्यों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। गांव की सरपंच गीता देवी सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर सोन नदी के गऊघाट पर नवीन पुल निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कराने की मांग की है। वहीं, गांव में छात्रावास संचालन नहीं होने और विकास कार्यों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया गया है। दूसरी ओर, ग्राम अकुरी के निवासी भैयालाल नामदेव ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकुरी के प्राचार्य अमित सिंह बघेल पर भ्रष्टाचार, अनियमितता और शासन की योजनाओं में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए संभागायुक्त से उन्हें निलंबित करने की मांग की है।

सोन नदी के गऊघाट पर पुल नहीं होने से ग्रामीण परेशान

सरपंच गीता देवी सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे गए आवेदन में बताया कि ग्राम अकुरी के गऊघाट स्थित सोन नदी पर नवीन पुल निर्माण की लंबे समय से आवश्यकता है। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए लगभग 260 मीटर लंबे पुल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। आवेदन के अनुसार, पुल निर्माण के लिए करीब 21 करोड़ 36 लाख रुपये की अनुमानित लागत का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इसके बावजूद अब तक बजट की स्वीकृति नहीं मिलने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

सरपंच ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वित्त विभाग से आवश्यक बजट स्वीकृत कराकर पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

हजारों विद्यार्थियों के लिए छात्रावास शुरू कराने की मांग

सरपंच ने अपने दूसरे पत्र में ग्राम अकुरी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रावास का संचालन शुरू कराने का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि दूरदराज के गांवों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए अकुरी आते हैं। छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में वर्षों से ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक छात्रावास का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।

सरपंच ने मुख्यमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास संचालन और गांव के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

प्राचार्य पर अनुदान राशि और स्कूल बजट में गड़बड़ी के आरोप

इधर, ग्राम अकुरी निवासी भैयालाल नामदेव ने संभागायुक्त शहडोल को शिकायत देकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकुरी के प्राचार्य अमित सिंह बघेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्राचार्य ने कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास संचालन शुरू कराने का आश्वासन दिया था और मार्च माह में बजट मिलने की बात कही थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी छात्रावास शुरू नहीं हुआ। इससे दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक वरिष्ठ व्यक्ति ने सल्दा में पीपल के पास हनुमान मंदिर निर्माण के लिए 10 हजार रुपये का अनुदान दिया था, लेकिन संबंधित निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। इसके अलावा शिकायतकर्ता ने संबल कार्ड योजना के तहत मिलने वाली फीस छूट के बावजूद विद्यार्थियों से प्रवेश शुल्क वसूलने का आरोप लगाया है।

स्कूल मरम्मत और साइकिल वितरण में भी अनियमितता का आरोप

भैयालाल नामदेव ने अपनी शिकायत में विद्यालय को हर वर्ष मिलने वाली मरम्मत राशि के उपयोग पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बजट मिलने के बावजूद विद्यालय में आवश्यक मरम्मत नहीं कराई जाती। वहीं, विद्यार्थियों को साइकिल वितरण में भी गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति

ग्राम पंचायत की ओर से पुल निर्माण और छात्रावास संचालन को लेकर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की गई है, जबकि ग्रामीण की शिकायत में विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संभागीय अधिकारी इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पुल निर्माण, छात्रावास संचालन और विद्यालय की कथित अनियमितताओं पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.