Tuesday, October 6, 2026
spot_img

Latest Posts

विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके ने हत्या तो ससुराल पक्ष ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही

पटना। खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका पूजा कुमारी की मां पूनम देवी ने उसके पति राजा समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर बेटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि पूजा अपने पति राजा के किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात को लेकर परेशान रहती थी और पति भी उसके साथ नहीं रहना चाहता था। ससुराल वालों का दावा है कि दहेज को लेकर होने वाले विवाद और घरेलू तनाव से परेशान होकर पूजा ने यह कदम उठाया।

मृतका की मां पूनम देवी के अनुसार पूजा की शादी करीब दो वर्ष पहले राजा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मां का आरोप है कि पूजा के साथ मारपीट भी की जाती थी। इस संबंध में महिला थाना में शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।

पूनम देवी का कहना है कि समझौते के बाद भी उनकी बेटी की परेशानी कम नहीं हुई। पूजा कथित तौर पर कई बार फोन कर मायके वालों को ससुराल में मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी देती थी। मां का आरोप है कि 5 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उन्हें पूजा की मौत की सूचना मिली। परिजन जब दीवान मोहल्ला स्थित ससुराल पहुंचे तो पूजा मृत अवस्था में मिली।

मां ने आरोप लगाया कि पति राजा और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने पूजा के साथ मारपीट करने के बाद उसे फांसी पर लटका दिया। शिकायत में राजा के अलावा अभोधन चौधरी, गीतिक कुमार, सलोनी कुमारी, अंशु देवी, रोमा देवी, देवी देवी, पूनम देवी और प्रतिभा देवी समेत कई लोगों के नाम बताए गए हैं। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ससुराल पक्ष ने लगाए अलग आरोप

दूसरी ओर, ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि राजा ड्राइविंग का काम करता था और उसके किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। ससुराल वालों के अनुसार राजा पूजा के साथ नहीं रहना चाहता था, जिसके कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। उनका कहना है कि दहेज को लेकर भी घर में आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। ससुराल पक्ष का दावा है कि लगातार घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से परेशान होकर पूजा ने यह कदम उठाया।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.