Tuesday, October 6, 2026
spot_img

Latest Posts

दिल्ली कैपिटल्स के फिनिशर आशुतोष शर्मा ने बदली अपनी टीम, रेलवे छोड़कर गुजरात में शामिल हुए

आशुतोष शर्मा IPL का जाना-माना नाम है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वह लगातार अपनी टीम बदल रहे हैं। अब वह रेलवे की टीम का साथ छोड़कर गुजरात की टीम में शामिल हो गए हैं।
IPL में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले आशुतोष शर्मा अब घरेलू क्रिकेट में नई टीम के साथ खेलते नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स यानी DC के फिनिशर ने 2026-27 सीजन से पहले रेलवे का साथ छोड़कर गुजरात का रुख किया है। माना जा रहा है कि गुजरात के लिए आशुतोष मुख्य रूप से सीमित ओवरों के मुकाबलों में ही खेलते दिखाई देंगे।
मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले आशुतोष ने अपने लिस्ट-ए और T20 करियर की शुरुआत भी मध्य प्रदेश की टीम के साथ की थी। हालांकि, MP की टीम में पर्याप्त मौके नहीं मिलने के कारण उन्होंने पहले रेलवे का रुख किया था। अब घरेलू क्रिकेट में एक बार फिर उनका ठिकाना बदल गया है। आशुतोष गुजरात की टीम में शामिल होने वाले तीन प्रोफेशनल खिलाड़ियों में से एक होंगे। उनके अलावा राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई भी गुजरात के लिए खेलेंगे। अशोक शर्मा फिलहाल चोटिल हैं।

गुजरात के कोच भी बदले
ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, आशुतोष शर्मा का गुजरात से जुड़ना टीम में हुए एक और बड़े बदलाव के साथ हुआ है। मोंटी देसाई को टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। उन्होंने पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रमेश पोवार की जगह ली है। मोंटी देसाई इससे पहले नेपाल की टीम के साथ काम कर चुके हैं और हाल में कनाडा के कोचिंग सेटअप का हिस्सा थे। वहीं, रमेश पोवार के बारे में माना जा रहा है कि उन्होंने मेन्स जूनियर सिलेक्शन पैनल में भूमिका के लिए आवेदन किया है। वह हाल ही में भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के स्पिन सलाहकार भी रहे थे।

इंग्लैंड में भी खेल चुके हैं आशुतोष
आशुतोष हाल ही में इंग्लैंड में हैम्पशायर के लिए वनडे कप में खेलते नजर आए थे। हालांकि, टूर्नामेंट की अपनी पिछली सात पारियों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उनका सर्वोच्च स्कोर सिर्फ 16 रन रहा। हैम्पशायर के साथ उनका करार GMR ग्रुप की मदद से हुआ था। बता दें, GMR ग्रुप दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिकों में शामिल है और हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट टीम का भी मालिक है। अब घरेलू सीजन में गुजरात के साथ नई शुरुआत आशुतोष के लिए अहम होगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.