लैपटॉप पर घंटों काम करने वाले कभी पेट पर तो कभी गोद में इसे रखकर काम करते हैं, इससे न सिर्फ त्वचा गर्म होती है बल्कि कुछ खतरे भी बढ़ जाते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि इससे गर्भवती महिलाओं में मिसकैरेज का खतरा और पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर का रिस्क होता है। डॉक्टर से जानिए सच क्या है?
वर्कफ्रॉम होम के दौरान लोग घंटों बेड पर लेटकर और लैपटॉप को पेट पर रखकर काम करते हैं। ऐसे में लोगों को मन में सवाल उठता है कि क्या लैपटॉप से निकलने वाली हीट नुकसान करती है। क्या इससे पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर का खतरा बढ़ता है। कुछ लोगों को लगता है कि ऐसा लगातार लंबे समय कर करने से खासतौर से गर्भवती महिलाओं में मिसकैरेज का खतरा बढ़ता है। आइये कैंसर स्पेशलिस्ट से जानते हैं कि इसमें कितनी सच्चाई है। क्या पेट या गोद में लैपटॉप रखकर काम करने से नुकसान होता है?
पेट या गोद में लैपटॉप रखकर काम करने के नुकसान
डॉक्टर वैशाली जमरे (डायरेक्टर सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और हेड, ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी, एंड्रोमेडा कैंसर हॉस्पिटल, सोनीपत) की मानें तो पेट यानि टमी के ऊपर लैपटॉप रखकर काम करने से महिलाओं में कैंसर नहीं होता है और न ही इससे गर्भपात (miscarriage) का खतरा बढ़ता है। लैपटॉप से निकलने वाली तरंगें बहुत ही कम ऊर्जा वाली होती हैं, जिन्हें नॉन-आयोनाइजिंग रेडिएशन कहा जाता है। ये एक्स-रे (X-rays) जैसी नुकसानदेह नहीं होती हैं। इनमें इतनी ताकत नहीं होती कि ये शरीर के डीएनए (DNA) को बदल सकें और कैंसर का कारण बनें। ये तरंगें गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नुकसान नहीं पहुंचाती। बड़े मेडिकल रिसर्च में ये साबित हो चुका है कि गर्भवती महिलाओं के लिए कंप्यूटर का सामान्य इस्तेमाल पूरी तरह सुरक्षित है।
क्या लैपटॉप से निकलने वाली हीट से गर्भपात होता है?
हां लगातार पेट पट लैपटॉप रखकर काम करने से एक नुकसान ये है कि लैपटॉप से निकलने वाली हीट स्किन को प्रभावित कर सकती है। घंटों तक गर्म लैपटॉप को सीधे त्वचा पर रखने से पेट की त्वचा पर लाल या काले रंग के जालीदार निशान पड़ सकते हैं, जिसे ‘टोस्टेड स्किन सिंड्रोम’ (Toasted Skin Syndrome) कहते हैं। इसके अलावा, हालांकि लैपटॉप की गर्मी से गर्भपात नहीं हो सकता, फिर भी गर्भावस्था के दौरान पेट पर सीधे अत्यधिक गर्मी से बचना चाहिए, ताकि शरीर का तापमान नॉर्मल रहे।
वर्क फ्रॉम होम में कैसे करें लैपटॉप का इस्तेमाल
अगर आपको घंटों लैपटॉप पर काम करना है तो इसके लिए बेस्ट तरीका और पूरी तरह सुरक्षित, आरामदायक तरीका है कि आप इसे टेबल पर रखकर इस्तेमाल करें। वर्फ फ्रॉम होम करने वालों को अपने लिए एक प्रोपर सिटिंग अरेंजमेंट करना चाहिए। जिसमें टेबल चेयर और लैपटॉप स्टैंड का इस्तेमा किया जा सके। अगर कभी-कभार लेटकर लैपटॉप यूज कर रहे हैं तो उसे बेड पर रखें या फिर पेट के ऊपर पहले एक मोटा तकिया रख लें और उसके ऊपर लैपटॉप रखकर काम करें। हालांकि इससे आपको पॉश्चर की समस्या हो सकती है। बेहतर तरीका चेयर टेबल वाला ही है।




