Thursday, November 19, 2026
spot_img

Latest Posts

चने की भूसी और पाउडर से बना रहे थे नकली दवाएं, फैक्ट्री का भंडाफोड़, UP समेत कई राज्यों में हो रही थी सप्लाई

फैक्ट्री में छापा मारकर सील कर दिया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नकली दवा फैक्ट्री में नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर दवाईयां बनाई जा रही थीं। इसकी सप्लाई यूपी समेत कई राज्यों में की जा रही थी।
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यहां मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हुए चने की भूसी और अलग-अलग तरह के पाउडर मिलाकर नकली दवाइयां तैयार की जा रही थीं। इन दवाइयों को नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम और पैकिंग में बाजार तक पहुंचाया जा रहा था। मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नालागढ़ के राजपुरा स्थित खेड़ा बाईपास क्षेत्र में छापेमारी की। जांच के दौरान सामने आया कि फैक्ट्री में दवाइयों के नाम पर ऐसी गोलियां और कैप्सूल तैयार किए जा रहे थे, जिनमें दवा के वास्तविक तत्वों के बजाय चने की भूसी और पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद इनकी पैकिंग नामी दवा कंपनियों के ब्रांड के अनुरूप की जाती थी।

वाराणसी से मिले सुराग ने खोली फैक्ट्री की पोल
इस पूरे मामले की शुरुआत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से हुई थी। वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में नकली दवाइयों का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियों ने इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान मुरादाबाद और लखनऊ तक भी सुराग मिले। दवाइयों के निर्माण स्थल की जानकारी जुटाते हुए जांच टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ पहुंची। यहां छापेमारी के बाद नकली दवा निर्माण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।

नामी कंपनियों के ब्रांड की हो रही थी नकल
फैक्ट्री में कई चर्चित दवाओं के नाम और पैकिंग से संबंधित सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें PAN-D, Clavam 625, Zerodol-SP, Shelcal 500, Taxim-O 200 और Montina-L जैसे ब्रांड शामिल बताए जा रहे हैं। इन दवाओं का इस्तेमाल एसिडिटी, संक्रमण, दर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में किया जाता है। ऐसे में नकली दवाइयों का बाजार में पहुंचना मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।

मशीनें और पैकिंग सामग्री भी बरामद
छापेमारी के दौरान टीम को दवाइयां बनाने और उनकी पैकिंग करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण मिले। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, वजन मापने वाले उपकरण और दवाइयों की ब्रांडेड पैकिंग से जुड़ी सामग्री शामिल बताई गई है। इससे स्पष्ट हुआ कि यहां केवल नकली दवाइयां तैयार ही नहीं की जा रही थीं, बल्कि उन्हें बाजार में असली दवाओं की तरह पेश करने की भी व्यवस्था थी।
कई राज्यों तक फैला था सप्लाई नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में नकली दवाइयों की सप्लाई उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में किए जाने की बात सामने आई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में कितने समय से यह कारोबार चल रहा था, कितनी दवाइयां तैयार की गईं और इनकी सप्लाई किन-किन मेडिकल स्टोर तथा वितरकों तक पहुंची। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इन नकली दवाइयों की बिक्री हिमाचल प्रदेश के बाजारों में तो नहीं हुई।

मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का गंभीर मामला
दवाइयां मरीजों को बीमारी से राहत देने और जिंदगी बचाने के लिए होती हैं, लेकिन यदि उनके नाम पर चने की भूसी और सामान्य पाउडर से गोलियां बनाकर बेची जाएं तो यह सीधे तौर पर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। खासकर एंटीबायोटिक और अन्य जरूरी दवाओं के नकली होने से मरीजों का इलाज प्रभावित हो सकता है। अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नालागढ़ में तैयार हुई नकली दवाइयां कितने मरीजों तक पहुंचीं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

बता दें कि इसके पहले फरवरी 2026 में बिहार के गया में नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया था। यहां तैयार नकली दवाओं की सप्लाई दिल्ली समेत कई राज्यों में की जा रही थी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.